अवैध शराब समेत दो तस्कर गिरफ्तार
गाजियाबाद। शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग एवं ट्रोनिका सिटी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध शराब समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के निर्देश पर अभियान जारी है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी के आदेश पर अवैध रूप से शराब की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार की सुबह सेक्टर-3 आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा एवं ट्रॉनिका सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश पंवार की संयुक्त टीम ने ग्राम अगरौला में खाली प्लॉट से शराब की तस्करी करने वाले तस्कर राजकुमार पुत्र रामशरण निवासी अगरौला के पास से 96 पव्वे असली संतरा देशी शराब और लोकेश पुत्र सुशील निवासी अगरौला के पास से 44 पव्वे संतरा ब्रांड देशी शराब समेत 144 पव्वे शराब बरामद की। हरियाणा मार्का शराब को बरामद कर दोनों तस्कर को गिरफ्तार किया गया। सेक्टर-3 आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा ने बताया शराब माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पकड़े गये तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत ट्रॉनिका सिटी थाने में मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेज दिया गया।
















