गाजियाबाद। शहर को साफ-सुथरा और खूबसूरत बनाने की दिशा में नगर निगम हरसंभव प्रयास कर रहा है। महापौर आशा शर्मा, म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर और पार्षदों के संयुक्त प्रयास रंग लाते दिखाई दे रहे हैं। शहर की बढ़ती खूबसूरती को विभिन्न स्थानों पर देखा जा सकता है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर वेस्ट प्लास्टिक से तैयार कई प्रकार की कलाकृति शहर में देखने को मिल रही हैं। नगर निगम के ताजा प्रयास में वेस्ट प्लास्टिक का प्रयोग कर हिंडन नदी के पुल के ऊपर दोनों तरफ बेहद सुंदर आकर्षक सीनरी बनाई गई है। इसके एक तरफ सेव हिंडन सेव वाटर का संदेश लिखा है। यह संदेश जनता को जागरूक करने के लिए दिया गया है। ठीक इसके दूसरी ओर आई लव गाजियाबाद लिखा गया है। हिंडन नदी को पार कर दोनों तरफ यह सीनरी लगाई गई है। दोनों सीनरी की लंबाई 35 फीट तथा ऊंचाई 7 फीट है। रात्रि में अंधेरा होने पर इसकी लाइटिंग से यह सीनरी और भी ज्यादा लुभावनी दिखाई देती है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जल बचाओ का यह संदेश जनता में जागरूकता लाएगा। नगर निगम द्वारा शहर को अनोखा रूप देने के लिए आगंतुकों व जनता द्वारा गाजियाबाद नगर निगम का आभार व्यक्त किया जा रहा है। सीनरी आर्टिस्ट साक्षी और सरफराज जोकि गाजियाबाद नगर निगम टीम का हिस्सा बनकर कार्य कर रहे हैं, उनकी कला को भी नागरिकों ने बहुत अधिक सराहा है।
















