5.20 करोड़ के विकास का श्रीगणेश, शहर की सूरत बदलने निकली नगर निगम की मुहिम

-महापौर सुनीता दयाल और विधायक संजीव शर्मा ने आठ प्रमुख विकास परियोजनाओं का किया शिलान्यास
-सड़क, पार्क, सौंदर्यीकरण और जल निकासी पर रहेगा फोकस, कई वार्डों को मिलेगी नई पहचान
-जनता की मांग और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता देकर कराए जा रहे विकास कार्य: महापौर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विभिन्न वार्डों में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को गति देने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को महापौर सुनीता दयाल ने विधायक संजीव शर्मा के साथ करीब 5 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से होने वाले आठ महत्वपूर्ण विकास कार्यों का नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया। शिलान्यास समारोह में पार्षद अमित त्यागी, ओम प्रकाश ओड़, गोपाल शिशोदिया, भागवत गुप्ता, सुषमा सिंह, मंडल अध्यक्ष राहुल तोमर, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, डम्बर यादव, देवेंद्र पाल, सतेंद्र चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों की शुरुआत पर महापौर और विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा लंबे समय से लंबित मांगों के पूरा होने पर खुशी जताई। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि गाजियाबाद को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न वार्डों से लगातार सड़क, पार्क, जल निकासी और सौंदर्यीकरण से संबंधित मांगें प्राप्त हो रही थीं। स्थानीय पार्षदों और नागरिकों की मांग को प्राथमिकता देते हुए अवस्थापना निधि और पंद्रहवें वित्त आयोग की धनराशि से इन परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनका निर्माण कार्य अब शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ जलभराव जैसी गंभीर समस्या के स्थायी समाधान पर भी तेजी से कार्य कर रहा है। बड़े नालों के निर्माण और सुधार के साथ जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि बरसात के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उनका कहना था कि विकास कार्यों के पूरा होने के बाद शहर की तस्वीर बदली हुई नजर आएगी और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। महापौर ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त प्रस्तावों और स्थानीय नागरिकों की आवश्यकताओं के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार विकास योजनाएं लागू की जाएंगी और किसी भी क्षेत्र की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी। इस अवसर पर विधायक संजीव शर्मा ने भी कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप गाजियाबाद को आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सड़क, पार्क, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विकास से नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के समन्वय से विकास कार्यों में तेजी आई है, जिसका लाभ सीधे जनता को मिल रहा है। जिन प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें वार्ड-47 शास्त्री नगर ए ब्लॉक की आंतरिक सड़कों का लगभग 45.62 लाख रुपये की लागत से निर्माण, वार्ड-14 ए ब्लॉक की आंतरिक सड़कों का लगभग 1.05 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण, स्वर्णजयंती पुरम स्थित डी-304 के सामने पार्क

का लगभग 28 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण, भावरस देवरस कॉलोनी के पार्क में रंगाई-पुताई एवं समरसेबल स्थापना का लगभग 5 लाख रुपये का कार्य, बागू, क्रिश्चियन नगर एवं भीमनगर की आंतरिक गलियों का लगभग 36 लाख रुपये की लागत से निर्माण, राजनगर एक्सटेंशन चौराहे का लगभग 1.35 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण, मेरठ तिराहे का लगभग 1.05 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण तथा वार्ड-35 अकबरपुर-बेहरामपुर में कुएं से इंद्रपाल के मकान तक सड़क निर्माण का लगभग 60 लाख रुपये का कार्य शामिल है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों में विकास कार्यों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान होगा, यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी, पार्कों की सुंदरता बढ़ेगी और शहर को एक नई पहचान मिलेगी। नगर निगम का मानना है कि यह विकास अभियान आने वाले समय में गाजियाबाद को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।