चेयरमैन की संपत्ति की जांच के लिए सीएम को खत

गाजियाबाद। नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर की चेयरमैन रीना भाटी और उनके परिजनों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उप्र प्रदेश शासन के निर्देश पर एक अधिकारी ने प्रवर्तन निदेशालय को चेयरमैन और उनके परिजनों की संपत्ति जांच कराने हेतु पत्र भेजा है। इसके अलावा नितिन सैनी पुत्र विशन पाल सैनी निवासी कस्बा फरीद नगर ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर चेयरमैन रीना भाटी पर संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा कर नगर पालिका कार्यालय संचालित करने और रिटायर्ड बाबू शिवकुमार शर्मा को इंचार्ज बनाए जाने की शिकायत की है। बता दें कि चेयरमैन रीना भाटी और अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना के बीच आए दिन विवाद होता रहता है। अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना जहां सरकारी अधिकारी के नाते नियम एवं कानून के तहत पालिका में कार्य कर रहे हैं, वहीं चेयरमैन और इनके प्रतिनिधि योगेश भाटी नियमों को ताक पर रखकर मनमाने तरीके से कार्य कराना चाहते हैं। पूर्व में भी इस प्रकार के कई मामले सामने आ चुके हैं। सफाई कार्य नहीं करने पर नौकरी से कर्मचारी निकाले गए तो चेयरमैन ने ईओ का वेतन रोकने के आदेश जारी कर दिए। नगर पालिका चेयरमैन रीना भाटी और इनके देवर एवं प्रतिनिधि योगेश भाटी की लखनऊ तक शिकायत होने के बाद अब इनकी संपत्ति की जांच हो सकती है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी का कहना है कि मुरादनगर में जैसे घटना हुई है, अगर घोटाले और अवैध कार्यों को उजागर नहीं किया गया तो वहां की ईओ की तरह कुछ भी हो सकता है। चेयरमैन के अनैतिक दबाव के कारण ईओ ने पूर्व में खोड़ा थाने में तहरीर देकर खुद पर हमला होने की आशंका जताई थी। आरोप है कि चेयरमैन के प्रतिनिधि योगेश भाटी का परिवार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। खोड़ा कॉलोनी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर लोगों के भूखंडों पर अवैध कब्जे किए गए। इंदिरापुरम और खोड़ा थाने में पूर्व में कई मामले भी दर्ज हैं। लग्जरी वाहनों, बुलेट पु्रफ स्कार्पियो समेत राजगनर में कोठी भी बताई जा रही है।