समस्या का निस्तारण कर विभाग की छवि को बनाएं उज्जवल: जिलाधिकारी

गाजियाबाद। जनपद के जिला आपूर्ति कार्यालय का नवीनीकरण होने पर जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय द्वारा इसका शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी ने कार्यालय के व्यवस्थापन एवं सौंदर्यीकरण की सराहना की है। उन्होंने जिला पूर्ति कार्यालय के समस्त कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अपने कार्यों से विभाग की छवि को और उज्जवल बनाएं। निरीक्षण के समय जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा कार्यालय का पटलवार अवलोकन कराया गया। जिलाधिकारी को जिला पूर्ति अधिकारी ने गमले में पौधा भेंट किया। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति कार्यालय के समस्त स्टाफ के साथ संक्षिप्त बैठक भी की। बैठक में डीएम ने सभी को निर्देशित किया कि जिस प्रकार से आपूर्ति कार्यालय की साज-सज्जा एवं व्यवस्था का सुधार किया गया है, उसी प्रकार आप लोग अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं और अपने कार्यों से विभाग की छवि को और उज्जवल बनाएं। आधुनिक एवं नवीनतम तरीके से बने नवीनीकृत डीएसओ कार्यालय से कार्यालय के कार्य एवं जनहित को लाभान्वित करने वाली योजनाओं को और सरलता एवं सुगमता से आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी डॉ.सीमा, अपर जिला अधिकारी नगर शैलेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष कुमार वैश्य, जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा एवं आशुलिपिक रेशू कुमार आदि उपस्थित रहे।