पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने जताई आपत्ति
26 फरवरी को प्रस्तावित भारत बंद कार्यक्रम में शामिल होने की घोषणा
गाजियाबाद। पउप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की जिला एवं महानगर इकाई ने जीएसटी में किए गए बदलावों पर कड़ी आपत्ति जताई है। यह बदलाव वापस न होने पर 26 फरवरी को प्रस्तावित भारत बंद कार्यक्रम में शामिल होने की घोषणा की है। व्यापारी नेताओं ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि जीएसटी में बदलाव व्यापारी हित में नहीं हैं। पिछले 9 माह से व्यापार प्रभावित है। सरकार द्वारा समय-समय पर प्रतिबंध लगाए जाने के कारण पूरा व्यापार धीरे-धीरे ई-कॉमर्स में परिवर्तित हो रहा है। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने जीएसटी में किए गए बदलावों को वापस लेने की पुरजोर मांग की है। व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि
कर के भुगतान के लिए चालान की तिथि दस्तावेज होनी चाहिए न कि फार्म जीएसटीआर थ्री बी हो। राष्ट्रीय अग्रिम नियम प्राधिकरण गठन, अपीलीय न्यायाधिकारण का गठन, प्री जीएसटी और पोस्ट जीएसटी की अवधि के रिफंड जारी किए जाएं, वैट और सेवा कर विभागों से बड़ी संया में नोटिस जारी किए जाएं, जांच एजेंसियों द्वारा अनुचित उत्पीडऩ किया जा रहा है। प्रत्येक जिले में जीएसटी समिति का गठन कर उसमें वरिष्ठ विभागीय अधिकारी और ट्रेड लीडर शामिल किए जाएं। इस दौरान पर व्यापारी नेता तिलक राज अरोड़ा, अशोक जिंदल, उदित मोहन गर्ग, सुनील प्रताप सिंह, अशोक शर्मा, अमन अग्रवाल, प्रियांशु गर्ग व निरंजन शर्मा, प्रदीप गुप्ता, सपना बंसल आदि मौजूद रहे।
















