फ्लैट दिखाने के बहाने सुरक्षा गार्डों ने हैवानियत की
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में फ्लैट दिखाने के बहाने 2 सुरक्षा गार्डों ने लड़की को नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। होश में आने पर पीड़िता को घटना की जानकारी मिल सकी। बाद में पीड़िता ने थाना नंदग्राम पहुंच कर शिकायत की। आरोप है कि पुलिस ने जांच के नाम पर लड़की को 8 घंटे तक बैठाए रखा। बाद में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। नंदग्राम थानांतर्गत राजनगर एक्सटेंशन की औरा चमेरा सोसाइटी में यह घटना प्रकाश में आई है। पीड़ित लड़की मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली है। वह मधुबन-बापूधाम कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है। पीड़िता राजनगर एक्सटेंशन में बैंक में अकाउंट खुलवाने गई थी। वहां लड़की की मुलाकात बैंक में तैनात सुरक्षा गार्डों से हुई। गार्डों ने पीड़िता का अकाउंट खुलवाने का आश्वासन दिया। अकाउंट खुलवाने से पहले किराए पर फ्लैट देने की राय दी गई। ऐसे में दोनों सुरक्षा गार्डों के साथ लड़की राजनगर एक्सटेंशन की औरा चमेरा सोसाइटी में पहुंची। वहां फ्लैट दिखाने के बहाने आरोपियों ने पीड़िता को नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि मौका पाकर दोनों सुरक्षा गार्डों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। होश में आने पर पीड़िता को घटना के बारे में जानकारी हो सकी। तदुपरांत वह थाना नंदग्राम पहुंची। जहां पुलिस को आप-बीती सुनाई गई। आरोप है कि पुलिस ने जांच-पड़ताल के नाम पर पीड़िता को करीब 8 घंटे तक थाने में बैठाए रखा। बाद में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। घटना के बाद से पीड़िता सदमे में है। उधर, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को जल्द दबोच लिया जाएगा।















