पुलिस मुठभेड़ में इनामी शराब माफिया मोती ढेर

सिपाही की हत्या करने के बाद से था फरार

लखनऊ। चर्चित शराब माफिया मोती का आखिरकार दर्दनाक अंत हो गया। आगरा में रविवार को तड़के पुलिस मुठभेड़ में मोती मारा गया। जनपद कासगंज में सिपाही की हत्या और दरोगा को गंभीर रूप से घायल करने के बाद वह फरार हो गया था। उस पर पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जनपद कासगंज के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के नगला धीमर गांव में गत 9 फरवरी को सिपाही देवेंद्र कुमार की हत्या कर दी गई थी। दरोगा अशोक कुमार सिंह घायल हो गए थे। कच्ची शराब के माफिया ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था। घटना में कच्ची शराब के माफिया मोती का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस के साथ मुठभेड़ में 10 फरवरी की सुबह नगला धीमर के नजदीक शराब माफिया का भाई एलकारा मारा गया था। वह भी घटना में शामिल था। मुख्य आरोपी मोती की पुलिस को सरगर्मी से तलाश थी। पुलिस निरंतर गंगा एवं काली नदी की कटरी में कांबिंग कर रही थी। फरार आरोपी मोती पर एडीजी आगरा जोन ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस को शनिवार की देर रात करीब ढाई बजे सूचना मिली कि करतला रोड पर काली नदी के पास जंगल में मोती अपने कुछ साथियों के साथ दुबका है। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी हेतु कटरी में कांबिंग की। ऐसे में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से शराब माफिया मोती गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में घायल मोती को आनन-फानन में कासगंज के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी के कब्जे से दरोगा अशोक कुमार की लूटी गई पिस्टल के अलावा तमंचा तथा खोखा और कारतूस बरामद किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।