व्यापार बंधुओं की बैठक में उठे विभिन्न मुद्दे

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश

गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में जिला स्तरीय व्यापार बंधु संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार बंधुओं से संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार के दृष्टिगत उठाए गए सभी बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक बात की गई। व्यापार बंधुओं के प्रतिनिधियों ने विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। डीएम ने संबंधित अधिकारी को गुणवत्ता पूर्वक समस्या का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। बैठक में लाइनपार क्षेत्र के व्यापारियों ने सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं खराब कैमरो को सही कराने की मांग की। जिस पर जिलाधिकारी ने एसपी सिटी को निर्देशित किया कि सभी सीसीटीवी की मेंटेनेंस समय-समय पर कराते रहें एवं जो कैमरे खराब हैं, उन्हें सही कराना सुनिश्चित कराएं। डीएम ने बताया कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को नगर निगम द्वारा जल्द लागू कराया जाना है, जिसमें सभी जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ स्मार्ट सिटी और महिलाओं के लिए सेफ सिटी योजना के अंतर्गत पिंक बूथ, पिंक शौचालय और ऐसे स्थान चयनित किए जाएंगे जहां महिलाओं के साथ अभद्रता जैसे अपराध घटित हुए हैं। उन सभी स्थानों को सीसीटीवी कैमरे की कवरेज के अंतर्गत लाया जाएगा। कानून व्यवस्था दुरुस्त करने को जिलाधिकारी ने एसपी सिटी को निर्देशित किया। डीएम ने कहा कि शादी विवाह का सीजन होने के कारण शहर में जगह-जगह विवाह स्थल पर पार्किंग की उचित व्यवस्था न होने के कारण जाम लगता है। डीएम ने कहा कि समस्त बैंकट हॉल स्वामियों के लिए सामान्य निर्देश जारी किए जाएं ताकि जाम की समस्या उत्पन्न न हो। धोबी घाट-विजय नगर आरओबी के निर्माण कार्य में धीमी गति से होने का मुद्दा भी उठाया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि रेलवे अधिकारियों से निर्माण कार्य का टाइम शेड्यूल प्राप्त कर कार्य में हो रहे विलंब के संबंध में रेल मंत्रालय को पत्र जारी कराएं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष कुमार वैश्य, राष्ट्रीय व्यापार मंडल के पंडित अशोक भारतीय,प्रदीप चौधरी,संदीप त्यागी, संजय गोयल एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री तिलक राज अरोड़ा, जिला अध्यक्ष अशोक जिंदल, महानगर अध्यक्ष उदित मोहन गर्ग समेत अन्य व्यापार मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।