विरोध के बावजूद नगर निगम ने हटाया अतिक्रमण

गाजियाबाद। नगर निगम के मोहन नगर जोन अंतर्गत पसौंडा और भोपुरा में बुधवार को नागरिकों के विरोध के बीच अतिक्रमण हटाया गया। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर जोनल प्रभारी शिवकुमार गौतम ने सहायक अभियंता अनिल त्यागी, अवर अभियंता संजय गंगवार, पुलिस और प्रवर्तन दल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। इस बीच टीला मोड़ पुलिस ने विरोध पर उतारू नागरिकों को शांत कराया। पसौंडा में ईदगाह रोड पर नाली के ऊपर कई मकानों की दीवार होने के कारण निर्माण आगे नहीं हो पा रहा था। वहीं, भोपुरा में सर्विस रोड पर अतिक्रमण की शिकायत मिल रही थी। दुकानदार एवं अन्य नागरिकों को दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई है। जोनल प्रभारी शिवकुमार गौतम ने बताया कि पसौंडा में ईदगाह रोड पर पिछले कई दिनों से नाली का निर्माण चल रहा है। लेकिन कुछ प्वाइंट पर नागरिकों ने मकान की दीवार और रैंप बनाकर अतिक्रमण कर रखा था। नतीजन नाली का निर्माण आगे नहीं बढ़ पा रहा था। कई बार अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए, मगर ऐसा न होने पर बुधवार को टीम ने मौके पर पहुंच कर मकान की दीवार को हटा दिया। इस बीच कुछ नागरिकों ने कार्रवाई का विरोध भी किया, मगर टीला मोड़ थाना पुलिस ने नागरिकों को एक तरफ हटाकर कार्रवाई को जारी कराया। इसके बाद टीम भोपुरा में लाल गेट पर पहुंची। वहां फर्नीचर मार्केट के दुकानदारों ने सर्विस रोड पर सामान रखकर अतिक्रमण कर रखा था। नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने का नागरिकों को समय दिया था। बुधवार को मौके पर अतिक्रमण मिलने पर टीम ने जेसीबी की मदद से इसे हटाने की कार्रवाई की। जोनल प्रभारी ने दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।