गाजियाबाद। रालोद का चलो गांव की ओर किसान बचाओ अभियान जारी है। रालोद जिलाध्यक्ष अजयपाल प्रमुख के नेतृत्व में गुरुवार को मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर में सभा आयोजित की गई। सभा में किसान एकता और किसान आंदोलन पर जोर दिया गया। ग्रामीणों ने शपथ ली कि आगामी प्रधानी और जिला पंचायत चुनाव से लेकर विधान सभा चुनाव में एकजुट होकर रालोद प्रत्याशी को जिताने का काम करेंगे। रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी अजयपाल प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में गन्ने का पिछले 4 साल से एक भी रुपए रेट नहीं बढ़ाया गया। इससे गन्ना किसानों में आक्रोश है। गन्ने का बकाया भुगतान को लेकर भाजपा के नेता हर बार वायदा करते हैं, मगर गन्ने का भुगतान नहीं किया जा रहा है। ऐसे में किसानों की हालत खराब हो रही है। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर नाराजगी जताई। बिजली की बढ़ी दरें और बिजली कर्मचारियों की गांव में जाकर ग्रामीणों को जेल भेजने की धमकी देने पर किसानों ने रोष व्यक्त किया। किसानों का गन्ने का भुगतान नहीं हुआ है तो ऐसे में कहां से विद्युत बिलों का भुगतान करें। सभा में आदित्य, बिट्टू, अमरजीत बिड्डी, संजीव ढिंढार, अमित त्यागी, जितेंद्र सिंह, जितेंद्र त्यागी, विपिन, रविंद्र व वीर सिंह आदि ने विचार प्रकट किए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का अगर उत्पीडऩ किया तो रालोद आंदोलन करेगी।















