नक्शा शुल्क में कमी : जीडीए ने जनता को दिए सुझाव

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) से लोनी-मुरादनगर व मोदीनगर क्षेत्र में नक्शा पास कराना सस्ता होने के बाद अब जीडीए अधिकारी जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों को इसके बारे में सुझाव दे रहे हैं। मोदीनगर तहसील में गुरुवार को जीडीए ओएसडी एवं प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी संजय कुमार सिंह ने सहायक अभियंता आरके सिंह और जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में बैठक का आयोजन किया। ओएसडी ने मोदीनगर और मुरादनगर क्षेत्र में नए विकास शुल्क के रेट घट जाने के बारे में जहां विस्तार से लोगों को जानकारी दी, वहीं नई शमन नीति के बारे में भवन स्वामियों, बिल्डरों ओर जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी। मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी में भवन का निर्माण करने से पहले इसका नक्शा स्वीकृत कराने पर अब 1200 रुपए प्रति वर्ग मीटर का विकास शुल्क जीडीए लेगा। यूपी कैबिनेट ने जीडीए से नक्शा स्वीकृत कराने के लिए लेने वाले विकास शुल्क की दर कम करने की मंजूरी दी थी। बोर्ड बैठक में भी इसे मंजूरी देकर लागू कर दिया है। लोनी, मोदीनगर और मुरादनगर में भवन निर्माण करने वाले नक्शा स्वीकृत कराते वक्त विकास शुल्क के रूप में 1,200 रुपए प्रति वर्ग मीटर से भुगतान करेंगे। इन्हें छोड़कर बाकी जगहों पर 3,314 रुपए प्रति वर्ग मीटर रेट नक्शे का विकास शुल्क का यथावत रहेगा। जीडीए ओएसडी ने विकास शुल्क और शमन नीति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बिल्डर से लेकर स्वीकृत नक्शे से अधिक अवैध निर्माण करने पर उसे कंपाउंडिंग करा सकते हैं। इस शमन नीति के तहत अवैध निर्माण पर शुल्क लिया जाएगा। इसके बाद शमनित हो जाएगा।