ऑपरेशन 420: फर्जी ज्योतिष केंद्र का साहिबाबाद पुलिस ने किया भंडाफोड़

-ज्योतिष विद्या के नाम पर करोड़ो रूपए की ठगी करने वाले 7 ठग गिरफ्तार

-सीपीयू, मॉनिटर और कीबोर्ड आदि सामान बरामद, सरगना फरार

गाजियाबाद। डिजिटलीकरण के इस दौर में सब कुछ ऑनलाइन हो चला है और कुछ लोग इसी का फायदा उठाकर आम लोगों के साथ धोखाधड़ी और ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। वर्तमान वैज्ञानिक युग में ज्योतिष व कर्मकांड के प्रति लोगों का विश्वास बढने लगा है। यहीं कारण है कि गली-गली में ज्योतिष परामर्श केंद्र खुलते जा रहे हैं। इसमें से कुछ केंद्रों पर ज्योतिष के नाम पर ठगी का भी धंधा फल-फूल रहा है। गाजियाबाद पुलिस ने ऑपरेशन-420 के तहत ऐसे ही एक कॉल सेंटर पर एक्शन लिया है, जहां फर्जी भविष्यवाणी करके लोगों से पैसे लूटे जाते थे। पकड़े गये गिरोह के सात सदस्य इंटर और बीए पास है। आरोपियों ने लॉक डाउन के बाद डिजिटलीकरण के इस दौर का खूब फायदा उठाया और हजारों लोगों के साथ ठगी की। लोगों को फंसाने के लिए मोबाइल पर संदेश भेजते थे। उनके झांसे में आकर लोग भविष्य के बारे में पूछते थे। लोगों को झांसे में लेने के लिए डराते थे। इसके बाद अपने पास से यंत्र और लॉकेट भेजने के लिए कहते थे। जिसको लेने से गृह दशा बदल जाने की बात कहते थे। लोग झांसे में आने के बाद शातिरों द्वारा दिए गए विभिन्न खातों में आनलाइन रुपये जमा कराते थे। उन्हें लॉकेट व यंत्र कोरियर से भेजते थे। जिसके बाद आरोपी अपना नंबर बदल लेते थे। जिनके पास से पुलिस ने तीन सीपीयू, 18 मॉनिटर, 11 कीबोर्ड, 9 माउस, 13 फोन रिसीवर और ग्राहक डाटा पता करने एवं वसूली गई धनराशि से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं। रविवार को साहिबाबाद थाने में घटना का खुलासा करते हुए सीओ साहिबाबाद आलोक दुबे ने बताया कि उन्हें मुखबिर द्वारा जानकारी मिली की क्षेत्र में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो लोगों को ज्योतिष विद्या के नाम पर जाल में फंसाकर उनके साथ ठगी करता है। इसके साथ ही एक पीडि़त द्वारा पुलिस से इस संबंध में शिकायत भी की गई थी। उसने बताया कि जानकारी मिलने पर पुलिस हरकत में आ गई और गिरोह के सदस्यों को दबोचने के लिए जाल बिछा दिया। साहिबाबाद एसएचओ विष्णु कौशिक के नेतृत्व में एसआई सुनील कुमार, निर्मेश कुमार की टीम ने शनिवार देर रात प्लॉट नंबर-8/150 सैक्टर-3, राजेन्द्र नगर साहिबाबाद में छापा मारकर शैलेष कुमार सिंह, संदीप यादव, पिन्टू कुमार, आशीष, विजय कुमार निवासी राजेन्द्र नगर साहिबाबाद, रंजन कुमार, अमित कुमार निवासी गिरधर एंकलेव साहिबाबाद को गिरफ्तार किया। उन्होने बताया पिछले दो वर्ष से ज्योतिष केन्द्र का संचालन धर्मेन्द्र कर रहा था। जो गिरोह का सरगना है और फरार है। पकड़े गये आरोपी लॉक डाउन के बाद से ही सेंटर से जुडे है। भविष्य एवं पूजा पाठ के नाम पर 11 हजार से लेकर 51 हजार रूपए तक की फीस खाते में डलवाते थे। जो कि करोड़ो रूपए की ठगी की वारदात को अंजाम दे चुके है। साहिबाबाद एसएचओ विष्णु कौशिक ने बताया कि पकड़े गये आरोपी फोन रिसीव करते ही बोलते थे, कि ओम नम: शिवाय वैदिक ज्योतिष केन्द्र मे आपका स्वागत है। इसके बाद बातचीत के दौरान ग्राहकों से पूछ जाता था, कि क्या समस्या है, क्या जानना चाहते हैं। ग्राहक जैसे ही बातों में फंसते, तो फिर फीस को लेकर बातचीत शुरू हो जाती थी। लोगों को जाल में फंसाने के बाद उनसे वसूली की जाती थी। पैसे बैंक अकाउंट में जमा कराए जाते थे।
गृह-दशा के नाम पर डराकर करते थे ठगी
एसएचओ विष्णु कौशिक ने बताया पकड़े गये आरोपी लोगों को झांसे में लेकर भविष्य बताते थे। लोगों को झांसे में लेने के लिए गृह-दशा के नाम पर डराते थे। जिसके बाद भविष्य, पूजा-पाठ के नाम पर मनचाही फीस वसूलते थे। पकड़़े गये आरोपी हजारों लोगों को ठगी का शिकार बना चुके है। जिनका अपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। इसमें जिले के साथ-साथ देश के कई राज्यों में लोग कॉल करके लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। एसएचओ ने बताया कि खाते, मोबाइल की सिम और लैंडलाइन किस आईडी पर ली गई है। इसकी जांच कराई जा रही है।