खतरा अभी टला नही, कोरोना के खिलाफ जंग जारी: सिद्वार्थ मिश्रा

बाजारों में कोरोना से भयमुक्त हुए लोग

गाजियाबाद। कोरोना वैक्सिनेशन क्या शुरू हुआ, अब लोग संक्रमण फैलने को लेकर बेफिक्र हो चले हैं। शारीरिक दूरी और मास्क को लेकर भले ही सरकार लोगों को सजग कर रही हो, लेकिन अब घंटाघर, चौपला मंदिर, तुराबनगर, गांधीनगर आदि बाजार में उमड़ रही भीड़ को देखकर यही लगता है कि अब लोगों के मन से कोरोना का भय निकल चुका है। स्थिति यह है कि बाजार में भीड़ के बीच लोग न तो मास्क का प्रयोग कर रहे हैं और जाम के बीच शारीरिक दूरी भी गायब नजर आ रही है, ऐसे में कोरोना का सक्रमण बढऩे का खतरा बना हुआ है। वहीं पुलिस भी अब इसकी रोकथाम को लेकर सजग नहीं दिख रही। शुरुआत में ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान और चालानी कार्रवाई से लोगों द्वारा नियमों का अनुपालन तो किया जा रहा था। मगर पुलिस की सुस्ती के कारण अब लोगों में कार्रवाई का डर भी नहीं है। बीते करीब एक वर्ष से समूचा विश्व कोरोना संक्रमण की समस्या से जूझ रहा है। इसकी रोकथाम को सरकार की ओर से लाकडाउन लगाने के साथ ही कई कड़े नियम कायदे भी निर्धारित किये गए। जिसमे सबसे अहम मास्क पहनने, लोगों से उचित दूरी बनाए रखने जैसे नियम शामिल है। जिस कारण संक्रमण के मामलों में कई हद तक कमी भी आई। अग्रसेन व्यापार मंडल (रंजि) प्रचार मंत्री सिद्धार्थ मिश्रा ने कहा कि कोरोना वायरस एक खतरनाक बीमारी है। इसके बावजूद अधिकांश नागरिक महामारी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कोरोना वैक्सिनेशन भले ही शुरू हो गया हो, लेकिन शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करना बेहद जरूरी है। कोरोना का खतरा अभी टला नही है। मास्क, सोशल डिस्टेंसिग एवं सेनेटाइज का प्रयोग नही किया तो हमें एक बार फिर इस खतरनाक बिमारी से सामना करना पड़ सकता है। कोरोना से हिफाजत के लिए हमें अपने वर्तमान व्यवहार को ही बनाए रखना होगा, जिसमें मास्क का इस्तेमाल करना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना सबसे अहम है। उन्होने कहा अग्रसेन व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारी गाइड लाइन का पालन कर रहें है और दुकान में आने वाले ग्राहकों को भी सेनेटाइज एवं मास्क लगा होने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।