जनपद को मिलेगा शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान

केन्द्रीय मंत्री एवं शिक्षा मंत्री ने किया डायट का शिलान्यास

गाजियाबाद। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) का भूमि पूजन (स्थापना दिवस) ग्राम असालत नगर ब्लॉक मुरादनगर में मंगलवार को केंद्रीय मंत्री वीके सिंह और बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी द्वारा किया गया। इस दौरान निदेशक बेसिक शिक्षा डॉ. सर्वेेंद्र विक्रम बहादुर सिंह, विधायक अजीत पाल त्यागी, उप-शिक्षा निदेशक (प्राचार्य) डायट हापुड़ दिनेश सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजियाबाद बृज भूषण चौधरी आदि उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह और बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने भूमि पूजन करने के साथ-साथ जनपद गाजियाबाद में डायट स्थापना के शिलापट का अनावरण कर जनपद में शिक्षकों के एक चिर प्रतिक्षित स्वप्न को साकार किया। केंद्रीय मंत्री सिंह ने बताया कि अब गाजियाबाद के सभी शिक्षक विशेष रूप से मातृशक्ति गाजियाबाद में रहकर शिक्षक-प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने डायट की आवश्यकता को रेखांकित कर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन प्रेरणा के बारे में जन-समुदाय को बताया कि 4 साल पहले के जीर्ण-क्षीण विद्यालयों की स्थिति में वर्तमान में साफ-सुथरे कायाकल्पित विद्यालय उपलब्ध कराये गये हैं। अब मिशन प्रेरणा के अंतर्गत सभी बच्चों को कक्षागत दक्षता प्राप्त कराई जा रही है। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित योजनाओं जैसे नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण, जूता मोजा वितरण, बैग वितरण मध्यान्ह: भोजन वितरण और यूनिफार्म वितरण आदि के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कोरोना लॉकडाउन के तहत व्हाट्स-एप, दूरदर्शन, ई-पाठशाला के माध्यम से बच्चों को लगातार पढ़ाते रहने के लिए विभाग के शिक्षकों की प्रशंसा भी की। कार्यक्रम में एडी बेसिक मेरठ मंडल राजेश कुमार श्रीवास, डायट प्राचार्य दिनेश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार भाटी, आरती गुप्ता, प्रवीण कुमार अग्रवाल, किरण यादव, डीसी गौरव त्यागी, रूचि त्यागी, डायट हापुड़ के प्रवक्ता ज्योति दीक्षित, मनोज कुमार डागर, रविंद्र कुमार, कनक सिंह, प्रमोद कुमार, अजय कुमार आदि मौजूद रहे। मंच संचालन पूनम शर्मा ने किया।