डीएम ने खंड विकास कार्यालय रजापुर का किया औचक निरीक्षण
कार्यालयों को सैनिटाइज, साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण कराने के दिए निर्देश
गाजियाबाद। जिलाधिकारी द्वारा शुक्रवार को खंड विकास कार्यालय रजापुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान रजापुर ब्लॉक के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने ब्लैक बॉक्स में आई शिकायत के बाद शुक्रवार को रजापुर ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्हें हालांकि विकास खंड भोजपुर कार्यालय का निरीक्षण करना था। मगर वह रजापुर विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। वहां पर कोविड हेल्प डेस्क मानकों के अनुसार संचालित नहीं होने पर फटकार लगाई। कार्यालय परिसर व कार्यालयों को सैनिटाइज, साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने सर्वप्रथम उपस्थिति पंजिका का परीक्षण
किया। मौके पर बीएन यादव जेई, एम.आई. एवं मो. अजीज एडीओ एग्रीकल्चर अनुपस्थित पाए गए। जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त कर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने तय समय सीमा में कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्य संपादित करेंगे। डीएम ने कार्यालय में फाइलों का रख-रखाव देखा एवं कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए बनाई गई हेल्प डेस्क मानकों के अनुसार सही नहीं पाए जाने पर निर्देश दिए कि आगंतुक जनता को मास्क लगाने एवं कार्यालय
परिसर में प्रवेश के समय सैनिटाइजेशन के लिए जागरूक करें। कार्यालय को सैनिटाइज, साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए गए। कार्यालयों में रखे दस्तावेजों की जांच में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अलमारियों में रखे दस्तावेजों को व्यवस्थित ढंग से रखें। साथ ही उन्होंने समस्त स्टाफ को दफ्तर में पत्रावलियों को सुव्यवस्थित तरीके से रखे जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भंडार कक्ष की इन्वेंटरी का रख-रखाव बहुत खराब पाया गया। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि इन्वेंटरी की प्रॉपर लिस्टिंग कर स्टॉक रजिस्टर मेंटेन किया जाए।















