ग्रेटर नोएडा। देश का प्रयास खेल संगठन स्पोर्ट्स ऊडल्स ने पंच बॉक्सिंग के अगले आयोजन के लिए तैयारियां कर ली हैं। इस पेशेवर बॉक्सिंग टूर्नामेंट को भारतीय बॉक्सिंग परिषद (आईबीसी) ने स्वीकृति प्रदान की है। कार्यक्रम शनिवार को क्राउन प्लाजा होटल सूरजपुर में होगा। कार्यक्रम का समय शाम 5 से रात 9 बजे तक निर्धारित किया गया है। एक ही दिन में 8 मैच खेले जाएंगे। द पंच के मैनेजिंग डायरेक्टर आरिफ खान ने बताया कि देश में खेल को बढ़ावा देने के प्रयास में 2013 में पंच बॉक्सिंग की शुरूआत हुई। पिछले कुछ साल के दौरान देश एवं होलैंड, आर्मेनिया, कैमरून, अफगानिस्तान, थाईलैंड के पेशेवर बॉक्सर हमारे साथ जुड़े हैं। इस छठे संस्करण की शुरूआत में देशभर से प्रख्यात बॉक्सर सागर नरवट, हर्ष गिल, आकाश गिरजा पोरकर, चांदनी मेहरा तथा कई नए बॉक्सर इसमें हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता को 5 श्रेणियों में बांटा गया है। जिसमें कुल 16 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। सुपर वेल्टर वेट बाउट सगर नरवाट व मनीष के मध्य, हैवी वेट बाउट का मुकाबला हर्ष गिल व अरूण के बीच, लाईट वेट बाउट का मुकाबला गीता बनाम चांदनी मेहरा, जसकरण बनाम अब्दुल के बीच में होगा। इसके अलावा क्रूजरवेट बाउट का मुकाबला मानस बनाम आकाश, लाइट वेल्टर वेट बाउट श्रृद्धा बनाम जयश्री, विस्वास बनाम अरूण, पंकज बनाम निखिल के मध्य में होगा। आरिफ खान ने बताया कि बॉक्सिंग के सभी मैचों की ग्लोबल ब्रॉडकास्टिंग होगी। जो 100 से ज्यादा देशों में दिखाया जाएगा। इसके अलावा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस प्रतियोगिता का प्रसारण करने की तैयारी है। कुछ समय के बाद उनका प्लान पंच इंडिया और पंच एशिया कप आयोजित कराने का है ताकि बॉक्सिंग के खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर सकें।















