ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर जल्द फास्टैग से टोल भरने की सुविधा शुरू हो जाएगी। इसके मद्देनजर सोमवार को यमुना विकास प्राधिकरण में अनुबंध किया जाएगा। इसके बाद यह सुविधा आरंभ हो जाएगी। यमुना एक्सप्रेस-वे पर अभी फास्टैग की सुविधा नहीं है। यात्रियों को नकद भुगतान कर टोल पार करना होता है। अब यह व्यवस्था बदलने वाली है। एक्सप्रेस-वे के तीनों टोल प्लाजा पर फास्टैग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसे लेकर सोमवार को यमुना प्राधिकरण के कार्यालय में आईडीबीआई बैंक, प्राधिकरण और जेपी इंफ्राटेक के बीच अनुबंध होगा। इसके बाद एक्सप्रेस-वे पर यह सुविधा शुरू हो सकेगी। तदुपरांत यात्री फास्टैग से ही टोल पार कर सकेंगे। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुण वीर सिंह ने बताया कि सोमवार को अनुबंध होने के बाद जल्द से जल्द यह सुविधा शुरू कराई जाएगी।
















