-राजनगर एक्सटेंशन के 19527 फ्लैट में निगम ने भेजा कर वसूली के लिए बिल
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की विभिन्न हाउसिंग सोसायटी के भवन स्वामियों को नगर निगम द्वारा संपत्ति कर के बिल भेजे जा रहे हैं। संबधित भवन स्वामियों से 31 मार्च तक बिल जमा कराने की अपील की जा रही है। निर्धारित अवधि में टैक्स का भुगतान महंगा पड़ेगा। 31 मार्च के बाद प्रत्येक भवन स्वामी को 12 फीसदी ब्याज भी निगम को देना पड़ेगा। विभाग का कहना है कि नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 172 से 174 तक दिए गए प्रावधानों के अनुसार दिए जा रहे हैं। निगम अधिनियम के तहत स्पष्ट किया गया है कि ऐसे समस्त भवन जो निगम सीमा अंतर्गत हैं। उनके भवन स्वामियों द्वारा सामान्य गृह कर का भुगतान निगम को करना होगा। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा ने बताया कि राज नगर एक्सटेंशन में लगभग 52 सोसायटियों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। जिनमें लगभग 32 हजार फ्लैट चिन्हित किए गए हैं। सर्वेक्षण एवं सोसाइटी निर्माताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए, 21593 फ्लैटों में से 19527 फ्लैटों के सामान्य कर के बिल फ्लैट स्वामी को भेजे जा चुके हैं। बाकि फ्लैट स्वामियों को जल्द ही बिल भेजे जाएंगे। उन्होने बताया कि 14 मार्च 2021 तक लगभग 12 हजार करदाताओं द्वारा एक करोड़ 73 लाख की धनराशि निगम कोष में जमा की गई है। डॉ संजीव सिन्हा ने बताया निगम द्वारा पानी व सीवर की सुविधा नहीं मिलने वाले क्षेत्रों के भवनों के सामान्य कर का भुगतान करदाताओं द्वारा किया जा रहा है। जब पानी व सीवर की सुविधाएं क्षेत्रों में प्राप्त हो जाएंगी तो नियम अनुसार जल कर व सीवर कर का भुगतान करदाताओं को करना होगा। नगर निगम सीमा अंतर्गत सभी जोनों में कराकन से छूटे भवनों का सर्वेक्षण कराते हुए संपत्ति कर के बिल सभी सोसाइटीओं एवं कॉलोनियों में निगम द्वारा करदाताओं को भुगतान के लिए प्रेषित किया जा रहा है। नगर निगम के सभी स्थानों के ऐसे भवन स्वामियों एवं कॉलोनियों व सोसायटीओं के पदाधिकारियों से अपील की गई है कि जिन भवन स्वामियों के भवन पर संपत्ति कर नहीं लगा है। ऐसे सभी भवन स्वामी नगर निगम गाजियाबाद के वसुंधरा, मोहन नगर, विजय नगर, सिटी जोन, कविनगर जोन में किसी भी कार्य दिवस में रहकर निर्धारण प्रपत्र जोनल कार्यालय से प्राप्त कर अपने भवन का स्वयं कर निर्धारण करते हुए संपत्ति कर जमा कर सकते हैं। ऐसे भवन स्वामी जिनको बिल व नोटिस भुगतान के लिए भेज जा चुके है। किसी भी कार्य दिवस में संबधित जोन में 31 मार्च तक हाउस टैक्स बिल जमा कर 12 फीसदी ब्याज से बचे। रविवार को करीब 13 लाख रुपए का हाउस टैक्स जमा हुआ। वहीं,शनिवार को करीब 25 लाख रुपए का हाउस टैक्स का बकाया जमा हुआ। सुबह से लेकर शाम पांच बजे तक जोनल कार्यालय खोले गए। रविवार को सिटी जोन में 3 लाख 87 हजार 609 रुपए, मोहननगर जोन में 1.51 लाख,वसुंधरा जोन में 2 लाख,विजयनगर जोन में 2.25 लाख,कविनगर जोन में करीब 2.50 लाख रुपए मिलाकर करीब 13 लाख रुपए का हाउस टैक्स का बकाया जमा हुआ।
















