ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित फ्रेंच अपार्टमेंट के नागरिकों ने बिल्डर के कर्मचारियों पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। नागरिकों का कहना है कि वह रविवार को मेंटेनेंस चार्ज और पार्किंग की समस्या के खिलाफ मेंटेनेंस ऑफिस के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। इस बीच बिल्डर के कर्मचारियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की कर बदसलूकी की और ऑफिस में अंदर नहीं घुसने दिया। इसकी शिकायत पुलिस से की गई। सोसायटी के नागरिकों ने बताया कि सोसाइटी में मेंटेनेंस चार्ज और कार पार्किंग को लेकर समस्या चल रही है। जिसके विरोध में सोसाइटी के नागरिक रविवार को एकत्र होकर मेंटेनेंस आॅफिस पहुंचे थे। आरोप है कि यहां बिल्डर के कर्मचारियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और ऑफिस में अंदर जाने से रोक दिया। विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की गई। इसकी सूचना नागरिकों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। बिसरख कोतवाली प्रभारी मुनीश चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। किसी ने कोई शिकायत नहीं दी है।















