-बीएससी पास गिरोह का सरगना समेत 7 डिलवरी बॉय गिरफ्तार
गाजियाबाद। जनपद में ऑनलाइन मोबाइल भेजने के नाम पर मोबाइल की पैकिंग में साबुन भेजने वाले गिरोह के सरगना समेत 7 डिलवरीबॉय को इंदिरापुरम पुलिस ने ऑपरेशन 420 के तहत गिरफ्तार किया है। पकड़े गये आरोपित फ्लिपकार्ट एवं अमेजॉन के माध्यम से ऑनलाइन बेचने का काम करते है। लोगों को डिलवरी के लिए आए मोबाइल की पैकिंग से मोबाइल निकालकर उसमे साबुन रखकर लोगों को ठगते थे। लोगों को भ्रमित करने के लिए मोबाइल के वजन के बराबर साबुन को रखते थे। गिरोह का सरगना बहुत ही शातिर है। मंगलवार को इंदिरापुरम थाने में घटना का खुलासा करते हुए सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन ने बताया कि सेक्टर-1 वसुंधरा में अभीरा मोबाइल टैक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से रूद्र प्रताप सिंह का ऑफिस है। जहां फ्लिपकार्ट एवं अमेजॉन के माध्यम से गाजियाबाद क्षेत्र में ऑनलाइन मोबाइल डिलवरी किया जाता है।
पूर्व में रूद्र प्रताप सिंह ने थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उनके पास ऑनलाइन डिलवरी में मोबाइल के नाम पर साबुन मिलने की शिकायत आ रही है। इंदिरापुरम सीओ ने बताया पीडि़त की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर टीम घटित की गई। जहां जांच मेंं पाया गया कि ऑफिस में कार्यरत डिलवरी बॉय द्वारा ही पूरी घटना को अंजाम दिया जा रहा है। इंदिरापुरम थाना प्रभारी संजीव शर्मा, एसआई मुन्नेश कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए सेक्टर-1 वसुंधरा से शिवम शर्मा उर्फ चुटिया पुत्र स्व: अजय कुमार शर्मा निवासी मधुबन बापूधाम, शिवम पुत्र राजू गुप्ता निवासी वैशाली, नागेन्द्र पुत्र ऋषिपाल निवासी राजनगर एक्सटेंशन नंदग्राम, करन पुत्र अन्नू कुमार झा निवासी वाल्मिकी मंदिर के पास लिंकरोड, अमन उर्फ भोला पुत्र स्व: रामप्रकाश शुक्ला निवासी गांव रसूलपुर, विजय चौहान पुत्र राजपाल राज चौहान निवासी करैहड़ा साहिबाबाद, अशोक कुमार पुत्र राधेश्याम निवासी सेवानगर नंदग्राम को गिरफ्तार किया गया। जिनकी निशानदेही पर 11 मोबाइल, फर्जी बिल बुक, पैकिंग का सामान टेप, कटर, साबुन बरामद किया गया। उन्होने बताया गिरोह का सरगना शिवम शर्मा उर्फ चुटिया है। जो कि बीएसी पास है, शिवम 10वीं, नागेन्द्र 12वीं, करन बीए, अमन 5वीं, विजय चौहान 12वीं और अशोक 10वीं पास है। इंदिरापुरम एसएचओ संजीव शर्मा ने बताया पकड़े गये आरोपित कंपनी में डिलवरी बॉय का काम करते है। शिवम शर्मा उर्फ चुटिया पूर्व में भी डिलवरी बॉय का काम कर चुका है। अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहा था। आरोपित पिछले कई माह से लोगों के साथ ठगी कर रहें थे। जो कि मोबाइल भेजने के नाम पर लोगों को साबुन भेज कर लाखों रूपए की ठगी कर चुके है। उक्त मोबाइल को औने-पौने दामों में बेचकर मौज-मस्ती करते थे।
















