ग्रेटर नोएडा। कोविड-19 वैक्सीनेशन से वंचित सीनियर सिटीजन को बेचैन होने की जरूरत नहीं है। वह राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में वैक्सीन लगवा सकते हैं। पंजीकरण की प्रक्रिया भी जिम्स में पूर्ण की जाएगी। काफी संख्या में सीनियर सिटीजन कोविड वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण नहीं करा पाए हैं। इस कारण वह चिंतित हैं, मगर उनकी यह चिंता अब दूर हो गई है। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में अभी तक पंजीकृत नागरिकों का वैक्सीनेशन किया जा रहा था। गैर पंजीकृत नागरिकों को टीका नहीं लगाया जा रहा था। जिम्स प्रबंधन ने नई व्यवस्था शुरू की है। 60 वर्ष से ज्यादा आयु वर्ग के नागरिक अब बिना पंजीकरण के भी टीका लगवा सकते हैं। ऐसे व्यक्ति अपना आधार कार्ड लेकर जिम्स पहुंच जाएं। वहां पर मेडिकल टीम उन्हें कोविड वैक्सीन लगाएगी। ऐसे नागरिकों को आधार कार्ड अपने साथ लेकर जाना होगा। पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी। जिम्स के निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि 60 वर्ष से ज्यादा आयु वर्ग के नागरिकों को बिना पंजीकरण के भी टीका लगाया जा रहा है। ऐसे नागरिकों को आधार कार्ड लाना होगा। पंजीकरण की प्रक्रिया साथ-साथ पूरी कर ली जाएगी।















