संपूर्ण समाधान दिवस में आई 40 शिकायतों में 4 का निस्तारण

-गुणवत्तापूर्ण पीडि़तों की शिकायतों का करें निस्तारण: जिलाधिकारी

गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली पीडि़तों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण किया जाए। मंगलवार को लोनी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने एसएसपी कलानिधि नैथानी, एडीएम एलए कमलेश चंद्र वाजपेयी, एसडीएम शुभांगी शुक्ला,तहसील दार प्रकाश सिंह, जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी,सीओ अतुल कुमार सोनकर आदि अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों की शिकायतों को सुना। शिकायतों को सुनने के बाद जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण कर शिकायतकर्ता को भी सूचना दी जाए। जिलाधिकारी के समक्ष कुल 40 शिकायत आई। इनमें से मौके पर मात्र 4 शिकायतोंं का ही निस्तारण किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करते हुए उसकी रिपोर्ट संबंधित तहसील को तत्काल उपलब्ध कराई जाए। जिले में लोनी,मोदीनगर और सदर तहसील गाजियाबाद को मिलाकर कुल 117 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें मात्र 14 शिकायतों का निस्तारण किया जा सका। पुलिस से संबंधित शिकायतों का एसएसपी कलानिधि नैथानी ने निस्तारण कराया। मोदीनगर तहसील में एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में एसडीएम आदित्य प्रजापति,नायब तहसीलदार कोमल पंवार आदि की मौजूदगी में शिकायतें सुनीं। दिवस में आई 37 शिकायतों में मात्र 3 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं,सदर तहसील गाजियाबाद का नेहरू नगर स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित संपूर्ण समाधान मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता एवं एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह, तहसीलदार प्रवर्धन शर्मा आदि की मौजूदगी में संपन्न हुआ। दिवस में 40 शिकायतें लोगों ने दर्ज कराई। इनमें से मौके पर मात्र 7 शिकायतों का निस्तारण किया गया। अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजी गई।