मछुआरों को सम्मान निधि दिलाएगी भाजपा: मान सिंह

विशेष संवाददाता

कोलकाता। मथुरापुर लोकसभा (गंगा सागर क्षेत्र) के प्रवासी प्रभारी मान सिंह गोस्वामी ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में मछुआरों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हेंं भी किसान सम्मान निधि का लाभ मिलेगा। सबका साथ सबका विकास भाजपा की नीति और रीति है। मान सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं केे साथ बैठक की और क्षेत्र में जनसंपर्क किया। गंगासागर विधान सभा क्षेत्र के प्रत्याशी मिलन कुमार दास की जीत सुनिश्चित करने के लिए डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। इसके बाद माइनॉरिटी मोर्चा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। माइनॉरिटी मोर्चा की टीम ने वंदेमातरम-वंदेमातरम के नारे लगाकर भाजपा की जीत का संकल्प लिया। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कमल का फूल खिलेगा और भाजपा की सरकार बनेगी। मानसिंह गोस्वामी के नेतृत्व में टीम ने घर-घर जनसंपर्क कर नागरिकों को भाजपा की नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के समुचित विकास और दिशा एवं दशा में बदलाव के लिए भाजपा को वोट दें। तृणमूल कांग्रेस के कुशासन से सिर्फ भाजपा मुक्ति दिला सकती है। सत्ता में आने के बाद भाजपा भ्रष्ट नौकरशाहों, नेताओं, अपराधियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेगी। भाजपा के शासन में अपराधियों को मनमानी करने की छूट नहीं होगी। प्रवासी प्रभारी मान सिंह गोस्वामी ने कहा कि मोदी  सरकार किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को प्रतिवर्ष 6-6 हजार रुपए प्रदान कर रही है, मगर पश्चिम बंगाल में किसानों के इस हक को ममता दीदी ने नहीं देने दिया। किसानों के साथ-साथ सभी मछुआरों को भी भाजपा सम्मान निधि की राशि प्रदान करेगी। नामखाना और सागर को जोडऩे वाला जो ब्रिज है, जो आजादी के बाद से आज तक किसी ने नहीं बनवाया, भाजपा सरकार बनने पर इस ब्रिज के निर्माण का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। गंगा सागर को अंतरराष्ट्रीय तीर्थ स्थल बनाने का काम भी भाजपा करेगी। जनसंपर्क के दौरान मान सिंह के साथ कनवीनर अरूप दास, समीर बारीक, नीलम दास, नंदलाल आदि मौजूद रहे।