-किसान क्रेडिट कार्ड सेंटरों पर मारा छापा, अनुपस्थित लेखपाल एवं कोटेदार से मांगा स्पष्टीकरण
गाजियाबाद। जिलाधिकारी ने बुधवार को भोजपुर ब्लॉक का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सरकारी योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड सेंटरों और कोविड वैक्सीन केंद्रों का रूख किया गया। बाद में संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने भोजपुर ब्लॉक का रूख किया। उन्होंने सर्वप्रथम भोजपुर ब्लॉक में विभिन्न सरकारी योजनाओं का स्थलीय जायजा लिया।
प्रस्तावित कार्य ससमय पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। तदुपरांत उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड सेंटरों पर छापा मारा। जहां कार्य सुचारू रूप से चलता पाया गया। अंत में डीएम ने कोविड वैक्सीन केंद्रों का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुर भोजपुर एवं ग्राम कल्हैड़ा में कोविड वैक्सीन कैंप का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि कैंप में वैक्सीनेशन के समय सिर्फ आशा वर्कर उपस्थित थी।
जबकि लेखपाल एवं कोटेदार को भी उपस्थित रहना अनिवार्य है। ऐसे में अनुपस्थित लेखपाल एवं कोटेदार का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश जिलाधिकारी ने उप-जिलाधिकारी मोदीनगर को दिए। इसके उपरांत डीएम डासना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां उन्होंने लोगों को लगाए जा रहे कोविड वैक्सीनेशन का भौतिक निरीक्षण किया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. एन.के. गुप्ता, एसडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति, जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।















