ग्रेटर नोएडा। जिला कारागार में बुधवार को बंदी ने खुदकुशी कर ली। इससे कारागार प्रशासन में एकाएक हड़कंप मच गया। नोएडा सेक्टर-39 थाना पुलिस ने 2 दिन पहले बंदी को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले बंदी ने अपने पिता से फोन पर बात भी की थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जेल अधीक्षक भीम सैन मुकुंद के मुताबिक नोएडा थाना सेक्टर-39 पुलिस ने 15 मार्च को भंगेल निवासी युवक सूरज महतो को गिरफ्तार किया था। आरोपी पर एक युवती का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आरोप लगा था। युवती की मां ने इस संबंध में 14 मार्च को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। बंदी सूरज को लुक्सर जेल से सटी अस्थाई जेल में रखा गया था। पुलिस का कहना है कि उसने जूतों के फीते का फंदा बनाकर बैरक के दरवाजे में लगे कुंडे से फंदा लगा लिया। इससे उसका दम घुट गया। गंभीर हालत में उसे नोएडा के जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना इकोटेक वन थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
















