महिला आयोग की अध्यक्ष ने महिलाओं को जागरूक किया

मिशन शक्ति अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित

ग्रेटर नोएडा। मिशन शक्ति अभियान के तहत बिसरख ब्लॉक में गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम रहीं। उन्होंने महिलाओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबी महिलाओं के जीवन के 3 मूल मंत्र हैं। इन तीनों मूल मंत्रो को अपनाकर महिलाएं अपना जीवन साकार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटे बेटी में एक समान व्यवहार करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से अब स्वावलंबी बनने का समय आ गया है। प्रदेश सरकार ने मिशन शक्ति अभियान को इसलिए शुरू किया है ताकि महिलाएं आगे बढ़ सकें। जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी ने मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद स्तर पर किए गए कार्यों की जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी पूनम तिवारी ने पोषण अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। सहायक पुलिस आयुक्त महिला सुरक्षा-2 रजनी गोयल ने पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिला सुरक्षा के लिए संचालित स्वयं सिद्धा नामक पेट्रोलिंग स्कूटी के विषय में जानकारी दी। सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार ने महिलाओं को स्वावलंबी बनने एवं जागरूक होकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का संदेश दिया। इससे पहले कार्यक्रम में होशियारपुर कंपोजिट विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मातृशक्ति को समर्पित नुक्कड़ नाटक के जरिए कन्या भ्रण हत्या, बाल विवाह, बाल यौन शोषण, घरेलू हिंसा की रोकथाम हेतु बनाए गए कानूनों के बारे में रोचक ढंग से बताया। कार्यक्रम में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, श्रम विभाग, पशु चिकित्सा, कृषि, स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्टाल लगाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा बच्ची के अन्नप्राशन की रस्म कराई गई। साथ मिशन शक्ति के तहत सराहनीय काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, महिला कृषक, स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारियों एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।