सुविधाओं के लिए 6.23 करोड़ का बजट मंजूर
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के अधीन 139 विद्यालयों की सूरत जल्द बदलेगी। इन विद्यालयों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह खर्च खुद यमुना प्राधिकरण वहन करेगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यमुना प्राधिकरण के अंतर्गत कुन 139 विद्यालय आते हैं। वहां विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर, शौचालय, रास्ते में इंटरलॉकिंग टाइल्स व किचन की भी सुविधा की जाएगी। परिषदीय विद्यालयों की दशा सुधारने के लिए राज्य सरकार ने ऑपरेशन कायाकल्प आरंभ किया है। प्रदेशभर के जिलों में शिक्षा विभाग इन विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं को पूरी कराने में जुटा है। गौतमबुद्ध नगर जनपद में इन विद्यालयों की हालत सुधारने से शिक्षा विभाग ने हाथ खड़े कर दिए हैं। इनकी जिम्मेदारी नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण पर आ गई है। यमुना प्राधिकरण ने इस पर काम शुरू कर दिया है। शिक्षा विभाग से संबंधित विद्यालयों की सूची मंगा ली गई है। कुल 139 प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूल यमुना प्राधिकरण के अधीन आते हैं। किस स्कूल में क्या नहीं है, इसकी सूची भी प्राधिकरण ने तैयार कराई है। अब इन पर काम शुरू कराया जाएगा। विद्यालयों में पहले चरण का काम कराने के लिए 6.23 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन 139 विद्यालयों में से 40 जूनियर हाईस्कूल हैं, जिन पर 1.98 करोड़ रुपये खर्च होंगे और 99 प्राथमिक स्कूल हैं, जिन पर 4.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह ने गुरुवार को इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। अगले माह से इन पर काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल 6.23 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। जरूरत पड़ने पर और पैसे भी खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।















