गाजियाबाद। होली पर्व एवं पंचायत चुनाव को देखते हुए अवैध शराब के व्यवसाय पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी एवं पुलिस ने सम्पूर्ण जिले में विशेष अभियान के तहत संयुक्त रूप से छापेमारी की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग एवं साहिबाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान अवैध शराब समेत तस्कर को गिरफ्तार किया है। प्रदेश के आबकारी आयुक्त एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन के निर्देश पर जनपद में छापेमार कार्रवाई जारी है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में पंचायत चुनाव तथा होली पर्व के दृष्टिगत अवैध शराब की बिक्री/परिवहन के रोकथाम के लिए विशेष अभियान के तहत कार्र्रवाई जारी है। आबकारी निरीक्षक सेक्टर-5 आशीष पाण्डेय एवं साहिबाबाद थाना प्रभारी विष्णु कौशिक की संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान प्रकाश पुत्र जितेंद्र निवासी रामनगर अर्थला को शराब तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया। जिसके कब्जे से 96 पव्वे अवैध विदेशी शराब क्रेजी रोमियो अरुणाचल मार्का बरामद किया गया। आबकारी निरीक्षक सेक्टर-5 आशीष पाण्डेय ने बताया कि पकड़ा तस्कर शातिर किस्म का है। आरोपित हरियाणा से सस्ते दामों में शराब की तस्करी एनसीआर क्षेत्र में मंहगे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहा था। आबकारी अधिनियम की तहत कार्र्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। शराब तस्करी के लिए लगातार क्षेत्र में छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।
















