गाजियाबाद। जनपद में आसन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 3 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए सरकारी स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला मुख्यालय में सिर्फ पंचायत अध्यक्ष पद पर नामांकन किया जाएगा। गाजियाबाद जनपद में पंचायत चुनाव के लिए 15 अप्रैल को मतदान होना है। इसके मद्देनजर 3 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। नामांकन प्रक्रिया को नियमानुसार संपन्न कराने को जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी हैं। सभी एसडीएम को अह्म जिम्मेदारी सौंपी गई है। नामांकन कक्ष में भीड़ जुटने की अनुमति नहीं होगी। सिर्फ निर्धारित संख्या में नागरिक नामांकन कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। कोविड-19 (कोरोना वायरस) का प्रकोप बढऩे के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में सिर्फ पंचायत अध्यक्ष पद के नामांकन पत्र दाखिल करने की व्यवस्था रहेगी। जिला पंचायत के अंतर्गत कुल 14 वार्ड हैं। यानि 14 सदस्यों के वोट के आधार पर पंचायत अध्यक्ष का फैसला होगा। पंचायत चुनाव के दृष्टिगत पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के दायित्व भी तय हो चुके हैं।















