त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: डीएम ने दिए अवकाश के दिन भी बैंक खोलने के निर्देश

-निष्पक्ष व शांतिपूर्ण पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

-चुनाव से पूर्व प्रशासन ने हटाए पोस्टर-होर्डिंग, 2494 लोगों को किया पांबद

गाजियाबाद। स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पंचायत चुनाव संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर जारी हैं। जनपद में आदर्श आचार संहिता लागू है। जनपद में पंचायत चुनाव प्रथम फेस में होना निर्धारित है। जिसके तहत घोषित कार्यक्रमानुसार नामांकन प्रक्रिया 3 व 4 अप्रैल पूर्वान्ह 8 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगी। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देशित किया है कि वह भारतीय स्टेट बैंक की जनपद गाजियाबाद स्थित सभी शाखाओं को पंचायत चुनाव के नामांकन प्रक्रिया के तहत 3 व 4 अप्रैल यानि शनिवार एवं रविवार को भी खुला रखेंगे, ताकि पंचायत चुनाव में नामांकन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। जिलाधिकारी ने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि प्रबंधक अपने बैंक शाखाओं में चालान जमा कराने के काउंटरों की अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। साथ ही अवकाश दिवस में जमानत धनराशि के चालान जमा कराने के भी निर्देश दिये गये हैं। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने भारतीय स्टेट बैंक की शाखाओं को अवकाश अवधि में तब तक खोलने के निर्देश दिए हंै, जब तक आखिरी नामांकन प्रक्रिया संपन्न हो। पंचाचत चुनाव को लेकर जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय प्रतिदिन चुनाव से संबंधित कार्याों की मॉनिटरिंग स्वयं कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने शक्रवार को अवकाश के दिन भी चुनाव संबंधित कार्यों की समीक्षा की। जनपद में मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू है, जिसका उल्लंघन पाए जाने पर जिला प्रशासन ने ब्लॉक रजापुर, मुरादनगर, भोजपुर एवं लोनी की कुल 161 ग्राम पंचायतों में 5800 पोस्टर, 4712 वॉल पेंटिंग, 7267 छोटे हॉर्डिग्स, 2470 बड़े होर्डिग्स व 4543 बैनर को हटाया है। पंचायत चुनाव के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने धारा-107/116/151 के तहत 481 मामलों में चालान की कार्यवाही, 2494 अभियुक्तों को पाबंद व धारा-117 सीआरपीसी के तहत 1560 लोगों के विरूद्ध पाबंदी की कार्यवाही की है। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों को चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। डीएम शनिवार से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/डीआईजी के साथ संयुक्त रूप से ब्लॉकों में कोटेदार, क्षेत्रीय लेखपाल, चौकीदार एवं संबंधित थानाध्यक्ष के साथ चुनाव की संवदेनशीलता को लेकर आवश्यक बैठक करेंगे। चुनाव ड्यूटी में लगाए कर्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जो लोग प्रशिक्षण में नही पहुंच रहे हैं, उन पर जिला प्रशासन प्रथम सूचना दर्ज कराने का निर्णय ले रहा है।