पीएम आवास योजना : अब 20 अप्रैल तक सर्वे

ग्रेटर नोएडा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भवन निर्माण से पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सर्वे की शुरुआत कराई है। अब तक 400 नागरिकों ने आवास लेने की इच्छा जाहिर की है। प्राधिकरण ने सर्वे की तिथि बढ़ा दी है। अब यह सर्वे 20 अप्रैल तक चलेगा। ग्रेनो प्राधिकरण ने इस योजना के तहत शहर में 10 हजार आवास बनाने का लक्ष्य रखा है। ग्रामीण क्षेत्रों की तरह शहरों में भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने की कवायद शुरू हुई है। प्राधिकरण ने इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है ताकि यह पता चल सके कि यहां पर कितने नागरिकों को इस योजना के तहत आवास लेने की इच्छा है। प्राधिकरण ने इसके लिए सर्वे शुरू कराया था। इसकी अंतिम तिथि 17 मार्च रखी गई थी, अब यह तिथि बढ़ा दी गई है। यह सर्वे अब 20 अप्रैल तक चलेगा। अभी तक सर्वे में सामने आया है कि 400 से ज्यादा नागरिकों ने इस योजना के तहत मकान लेने की इच्छा जताई है। ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने बताया कि इस योजना का प्रचार-प्रसार करने के लिए इंतजाम किए गए हैं। इसमें ऑटो रिक्शा के पीछे, शहर के मुख्य स्थानों पर पोस्टर बैनर लगाकर इसका प्रचार किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को इसकी जानकारी मिल सके। प्राधिकरण इस योजना के तहत 10 हजार से ज्यादा आवास बनाएगा।