गाजियाबाद के कारोबारी पर दादरी में जानलेवा हमला

रंगदारी न देने पर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा

ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली क्षेत्र में रंगदारी न देने पर जूता कारोबारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। दादरी कोतवाली से कुछ दूरी पर इस घटना को अंजाम दिया गया। बेखौफ बदमाशों ने पीड़ित को बेरहमी से पीटा। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पीड़ित कारोबारी गाजियाबाद से ताल्लुक रखते हैं। जीटीरोड दादरी पर अतुल उर्फ सोनू निवासी गाजियाबाद की जूते की शॉप है। शुक्रवार की सुबह अतुल दुकान पर ग्राहकों को सामान दे रहे थे। इस बीच 7 बदमाश लाठी-डंडे लेकर अचानक वहां आ धमके। हमलावरों ने गाली-गलौच कर ग्राहकों व नौकरों के साथ भी मारपीट की। ऐसे में जान बचाकर दुकानदार अतुल दुकान से बाहर भाग लिए। आरोप है कि बदमाशों ने बीच सड़क पर उन पर डंडे बरसा दिए। इससे वह बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर भीड़ जुटने पर बदमाश धमकी देकर फरार हो गए। आरोप है कि कुछ बदमाश पिछले कुछ माह से व्हाट्स-अप कॉल से अतुल से 10 लाख रुपये की डिमांड कर रहे हैं। वह पैसे लेने के लिए कुछ लोगों को दुकान पर भी भेज रहे थे। अब 500 वर्ग गज भूखंड की मांग कर रहे हैं। विरोध करने पर हमला किया गया है। वहीं, एडीसीपी विशाल पांडे का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।