नोएडा में 48 करोड़ की भूमि अतिक्रमण मुक्त

नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दरम्यान करीब 48 करोड़ रुपए कीमत की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया। कुछ ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का विरोध भी किया। नोएडा प्राधिकरण की टीम मामूरा सेक्टर-64 में पहुंची। वहां नर्सरी के नाम पर अतिक्रमण कर लिया गया था। अतिक्रमण को हटवा कर भूमि को मुक्त करा लिया गया। प्राधिकरण की टीम ने 10 कमरे, टीन शेड, टाल व दुकानों को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान लगभग 8 हजार वर्ग मीटर भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई। भूमि की कीमत करीब 48 करोड़ रुपए बताई जा रही है। नोएडा प्राधिकरण के भूलेख विभाग और वर्क सर्किल-4 के अधिकारी सेक्टर-64 मामूरा गांव में पहुंचे। वहां जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू किया गया। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया। ग्रामीणों ने कहा कि यह भूमि मामूरा गांव के ग्रामीणों को पट्टे के रूप में आवंटित की गई थी। यह भूमि ग्राम समाज की है। प्राधिकरण को कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है। मौके पर पहुंचे सपा नेता अनिल यादव और प्राधिकरण अधिकारियों के बीच बहस भी हो गई। विवाद के दौरान कुछ दस्तावेज प्राधिकरण के तहसीलदार ने और कुछ कागज ग्रामीणों की तरफ से दिखाए गए। मामले में विवाद खसरा संख्या-144 और 145 की भूमि को लेकर है। मौके पर यह साफ नहीं हो सका कि ग्रामीणों को पट्टे पर दी गई भूमि कहां है और जहां कार्रवाई की गई, वह कौन सा खसरा नंबर है। उधर, नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।