नामांकन प्रक्रिया: चुनावी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी

-व्यवस्था का एसपी ग्रामीण एवं एसडीएम ने लिया जायजा

-बिना मास्क घूम रहे लोगों को एसपी ग्रामीण ने लगाई फटकार

गाजियाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल बजते ही प्रत्याशी मैदान में नजर आने लगे हैं। नामांकन पत्र भरने वाले प्रधान पद के प्रत्याशी ,क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य भारी भीड़ के साथ खंड विकास कार्यालयों पर पहुंचे। महिलाओं की संख्या भी काफी रही, लेकिन प्रशासन की कड़ी शक्ति रही कोई भी प्रत्याशी पुलिस द्वारा की गई बैरिकेडिंग के आगे नहीं जा सका। नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए सिर्फ प्रत्याशी व्यवस्था प्रस्ताव रखें बैरिकेडिंग के आगे जाकर नामांकन प्रक्रिया के दौरान कड़ी शक्ति रही। व्यवस्था संभालने के लिए स्वयं एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा एवं मोदीनगर एसडीएम आदित्य प्रजापति ने खुद मोर्र्चा संभाला। वहीं कोरोना संक्रमण को देखते हुए विकास खंड कार्यालयों में सोशल डिस्टेसिंग के लिए पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने नामांकन के लिए आने वाले प्रत्याशियों के लिए पहले गोला बनाया हुआ था। जिससे नामांकन के दौरान प्रत्याशी सोशल डिस्टेसिंग का पालन कर सकें। शनिवार को पहले दिन हुए नामांकन दाखिल को लेकर उम्मीदवारों की विकास खंड कार्यालयों में भीड़ उमड़ गई। ब्लॉक कार्यालय पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात होने के चलते भीड़ ज्यादा रही। पंचायत चुनाव के लिए शनिवार सुबह से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य पद के उम्मीदवार संबंधित ब्लॉक पर बड़ी संख्या में नामांकन करने पहुंचे। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा एवं एसडीएम आदित्य प्रजापति ने भोजपुर ब्लॉक के अलावा मुरादनगर ब्लॉक केंद्र नामांकन स्थल का निरीक्षण किया। नामांकन पत्र जमा करने के लिए सुबह से ही भारी भीड़ लग गई थी। जिसके चलते व्यवस्था बनाने के लिए एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा को स्वयं कमान सम्भालनी पड़ी। उन्होंने बिना मास्क घूम रहे लोगों को फटकार लगाकर कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया। वहीं, लोनी में एसपी ग्रामीण ने एसडीएम शुभांगी शुक्ला, सीओ अतुल सोनकर ने ब्लॉक लोनी में नामांकन स्थल का निरीक्षण करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से नामांकन दाखिल करने के लिए भीड़ को एकत्रित नहीं होने दिया। नामांकन की प्रक्रिया के चलते सभी 4 ब्लॉक पर आरओ और एआरओ की तैनाती की गई हैं। रजापुर, भोजपुर, लोनी और मुरादनगर ब्लॉक में उम्मीदवारों की भारी भीड़ जुटी। रजापुर ब्लॉक में ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए काफी संख्या में उम्मीदवार नामांकन करने के लिए पहुंचे। सुबह से ही ब्लॉक में भीड़ रही। सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल किए गए। मगर लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया। ब्लॉक के बाहर भी उम्मीदवारों के समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली।
मोदीनगर में नामांकन के दौरान मची भगदड़:
मोदीनगर के भारतीय स्टेट बैंक में पंचायत चुनाव में नामांकन फीस जमा करने के लिए भी भारी भीड़ उमड़ी। बेकाबू भीड़ और पुलिस में धक्का-मुक्की हुई। इससे वहां पर भगदड़ मच गई। नामांकन की वजह से दिल्ली-मेरठ मार्ग पर भी जाम लग गया। पुलिस इंतजाम नाकाफी साबित हुए। लाइन में लगे प्रत्याशियों ने डिजिटल इंडिया पर उठाए सवाल।
भोजपुर में चालान जमा करने के लिए लगी रही भीड़:
पंचायत चुनाव नामांकन से पूर्व बैंक में चालान जमा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह 7 बजे से लोग परेशान रहे। बैंक बहुत धीमी गति से काम कर रहा है। संख्या को देखते हुए कुछ और केंद्र बनाए जाने चाहिए। इन केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं हो रहा है।
लोनी में प्रत्याशियों ने भरा नामांकन:
ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर लोनी में भावी प्रत्याशियों ने शनिवार को लोनी ब्लॉक में नामांकन भरा। लोनी ब्लॉक में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए प्रधान पद के आवेदन के लिए पांच खिड़की, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 8 खिड़की और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए पांच खिड़की खोली गई थी। सुबह से ही आवेदन करने आए लोगों की भीड़ लगी रही। सुरक्षा के चलते पुलिस और एलआईयू की टीम मुस्तैद रही। वहींं लोनी तिराहा से होकर बंथला जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया गया। एक लाइन को बंद करने पर जाम की स्थिति बन गई। नामांकन दाखिल करने से पहले बैंक में जमा होने वाले चालान फार्म को लेकर मारामारी रहीं। चुनाव में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए नामांकन पत्र मूल्य 150 रुपए और जमानत राशि 500 रुपए,ग्राम प्रधान के लिए नामांकन पत्र मूल्य 300 रुपए और जमानत राशि 2 हजार रुपए, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नामांकन पत्र मूल्य 300 रुपए और जमानत राशि 2 हजार रुपए एवं जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन पत्र मूल्य 500 रुपए व जमानत राशि 4 हजार रुपए रखी गई।