3302 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज, चुनावी तैयारी पूर्ण

-जनपद में कड़ी सुरक्षा के बीच पंचायत चुनाव आज
-प्रेक्षक, डीएम-एसएसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

गाजियाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरूवार को होगा। जिले में मतदान को लेकर तैयारी पूरी हो चुकी है। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता मतदान कर सकेंगे। मतदान करने के लिए आने वाले मतदाताओं को मास्क पहनना अनिवार्य हैं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के हाथ को सैनिटाइज करवाया जाएगा और उनके शरीर का तापमान चेक किया जाएगा। जिसके बाद ही वह मतदान कर सकेंगे। पंचायत चुनाव में पांच लाख से अधिक मतदाता इस बार 3302 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करने के लिए मतदान करेंगे। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और स्वतंत्र रूप से चुनाव कराने के जिले को 22 जोन और 78 सेक्टर में बांटा गया है। मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को सभी मतदेय स्थलों के लिए पार्टियां रवाना हो गईं। मतदान पार्टियां रवाना होने से पहले जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय एवं एसएसपी अमित पाठक द्वारा संयुक्त रूप से तीन स्थानों पर स्थल निरीक्षण किया गया। जहां पर दोनों अधिकारियों ने मतदान कार्मिकों एवं पुलिस अधिकारियों को मतदान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने गोविंदपुरम अनाज मंडी, हंस इंटर कॉलेज मुरादनगर एवं महर्षि इंटर कॉलेज गोविंदपुरी मोदीनगर में पहुंच कर निरीक्षण किया। इस दौरान सभी पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान कार्मिक अपनी-अपनी पार्टी को रवाना करने से पूर्व मतदान के संबंध में अपनी-अपनी संबंधित वोटर लिस्ट, मतदान सामग्री, मतदान पत्र एवं अन्य सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप प्राप्त कर एवं उसका गहनता के साथ मिलान करने के उपरांत अपने-अपने गंतव्य को प्रस्थान करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि सभी पीठासीन अधिकारियों को आयोग के निर्देश के अनुरूप व्यापक स्तर पर मतदान कराने के संबंध में गहन प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है और पीठासीन अधिकारियों को एक निर्देश पुस्तिका भी उपलब्ध कराई गई है। अत: सभी मतदान कार्मिक अपने-अपने बूथ पर निर्धारित समय पर मतदान को प्रारंभ कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। मतदान प्रक्रिया के दौरान सभी कार्मिकों द्वारा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी होकर अपने दायित्व का निर्वहन सुनिश्चित किया जाएगा ताकि जनपद में कुशलता पूर्वक मतदान संपन्न हो सके। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि कोई भी मतदान कार्मिक अपनी ड्यूटी पर किसी भी उम्मीदवार का आथित्य स्वीकार नहीं करेंगे। यदि ऐसा कहीं पाया जाएगा तो संबंधित के विरूद्ध आयोग की सुसंगत धाराओं के तहत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। अत: सभी मतदान कार्मिक सुबह निर्धारित 7 बजे अपने-अपने बूथ पर पारदर्शिता के साथ मतदान को प्रारंभ कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे और मतदान समाप्ति तक सभी कार्य आयोग की मंशा के अनुरूप पूर्ण करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कहीं पर भी मतदान ड्यूटी में लापरवाही एवं शिथिलता को बेहद गंभीरता के साथ लिया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग से नियुक्त प्रेक्षक के रविंद्र नायक गोविंदपुरम अनाज मंडी में उपस्थित रहे। जिलाधिकारी के भ्रमण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। इस दौरान एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह,एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य, सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार,एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह,जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी,एसडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति, अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम आदि अधिकारियों के साथ पोलिंग पार्टियां स्थलों पर पहुंंचकर व्यवस्थाओंं का जायजा लिया।
प्रत्याशियों को डीएम की नसीहत:
जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने प्रत्याशियों को भी नसीहत दी है। उन्होंने कहा है कि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवार राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कोई भी प्रत्याशी मतदाताओं को प्रलोभन देने का किसी प्रकार का कृत्य नहीं करेंगे। प्रलोभन देने के उद्देश्य से कोई भी उम्मीदवार मतदाताओं में शराब वितरण, धनराशि वितरण तथा अन्य सामग्री वितरण नहीं करेंगे। उन्होंने कहा है कि यदि कहीं पर इस प्रकार का कृत्य संज्ञान में आएगा तो जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा तत्काल प्रभाव से संबंधित उम्मीदवार के विरूद्ध आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होने पर प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी उम्मीदवार आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करें। सभी उम्मीदवारों को नामांकन के दौरान विस्तारित रूप से आदर्श आचार संहिता के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।
5.56 लाख मतदाता तय करेंगे 3302 प्रत्याशियों का भाग्य: 
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण में आज होने वाला जिले में मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगा। प्रशासन-पुलिस ने मतदान के लिए पुख्ता इंतजाम किए है। प्रत्याशियों के दिल की धड़कन जहां तेज हो गई है। वहीं, ग्राम प्रधान,ग्राम पंचायत सदस्य,क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के 498 पदों के लिए आज होने वाले मतदान में 5 लाख 56 हजार 856 मतदाता अपने अधिकार का उपयोग करेंगे। इन पदों के लिए 3302प्रत्याशी मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज बक्शों में कैद हो जाएगा। आगामी 2 मई को होने वाली मतगणना के बाद इन दिग्गजों की हार-जीत का फैसला होगा। जिले में सबसे अधिक 323 क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 1474 दिग्गज प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में हैं। जबकि 161 ग्राम पंचायतों के लिए ग्राम प्रधान बनने के लिए 1150उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। किसी भी गांव से कोई भी प्रधान निर्विरोध नहीं चुना गया है। जिले में 22 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 888 ग्राम पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने जा चुके हैं। जिले में 4 ब्लॉक लोनी,भोजपुर,मुरादनगर और रजापुर ब्लॉक हैं। भोजपुर ब्लॉक में 47 ग्राम पंचायत सीट पर 475 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुरादनगर में 48 सीटों पर 299 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। रजापुर में 34 ग्राम पंचायत सीट पर 269 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। लोनी की 32 ग्राम पंचायत पर 210 प्रत्याशी ग्राम प्रधान बनने के लिए मैदान में हैं। जिले के 323 क्षेत्र पंचायत सदस्य सीट में से 22 सीटों पर निर्विरोध चुन लिए गए, इसलिए आज सिर्फ 301सदस्य पद पर ही मतदान होगा। मुरादनगर में 71 पदों के लिए 251 प्रत्याशी मैदान में हैं। भोजपुर में 102 पद के लिए 489, रजापुर ब्लॉक में 76 पद के लिए 405 प्रत्याशी मैदान में हैं। मुरादनगर में 71 पद के लिए 251 और लोनी में 74 पद के लिए 389 मैदान में हैं। जिला पंचायत सदस्य के 14 वार्ड क्षेत्र के लिए 178 प्रत्याशी मैदान में है। पंचायत चुनाव में कुल 3754 प्रत्याशियों में कुल 1538 महिलाएं चुनाव मैदान में हैं। 482 महिलाएं ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत के सदस्य पद पर 976 महिलाएं चुनावी मैदान में हैं। इनमें क्षेत्र पंचायत,ग्राम पंचायत सदस्य के रूप में 328 महिलाएं निर्विरोध भी चुनी जा चुकी हैं। 311 पोलिंग सेंटर-958 बूथों पर डाले जाएंगे वोट:जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने बताया कि जिले में आज होने वाला मतदान 311 मतदान केंद्रों के कुल 958 बूथों पर होगा। मतदान के लिए कुल 3832 कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है।मतदान केंद्रों के लिए सभी पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। इनके अलावा 20 फीसद कार्मिक रिजर्व में रखे गए हैं। चारों ब्लॉक में मतदान के लिए बनाए गए 311 पोलिंग सेंटर में 57 संवेदनशील सेंटर और 114 अति संवेदनशील एवं 132 अति संवेदनशील प्लस सेंटर बनाए गए हैं।