गाजियाबाद। जनपद में कोरोना लगातार लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। अब फिल्म अभिनेता राजेश खट्टर भी कोरोना की चपेट में आ गए है। कौशांबी स्थित यशोदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्हें सांस लेने में परेशानी, बुखार, उच्च रक्त चाप की समस्या है। डाक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी हुई है। यशोदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. अनुज अग्रवाल का कहना है कि 11 अप्रैल को राजेश खट्टर बुखार, सांस लेने में तकलीफ, गला खराब होने की वजह से यशोदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनकी कोरोना जांच भी की गई थी। वह कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। कोविड प्रोटोकाल के अनुसार एंटी वायरल थैरेपी और बीच-बीच में उन्हें आक्सीजन भी दी जा रही है। डाक्टरों का पैनल उनके इलाज में जुटा है। राजेश खट्टर बालीवुड व हालीवुड की दर्जनों फिल्मों में काम कर चुके हैं। बालीवुड की सूर्यवंशम, डान-2, जय वीरू, प्रिंस, खिलाड़ी-786, रेस-2 समेत अन्य फिल्मों में राजेश खट्टर अभिनय कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने हालीवुड समेत तमिल फिल्मों में भी अपना अभिनय दिया है। राजेश खट्टर एक भारतीय अभिनेता होने के साथ पटकथा लेखक और डबिंग कलाकार भी हैं।















