– सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर का सख्त रूख, पॉश कॉलोनी राजनगर में करोड़ों की जमीन कराई कब्जामुक्त
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ नगर निगम सख्ती से पेश आ रहा है। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर द्वारा भू-माफियाओं द्वारा कब्जाई गई जमीन का पता लगाने के लिए जीयो सर्वे कराया जा रहा है वहीं जिस जमीन का पता लग गया है उसे कब्जामुक्त कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को नगर निगम के कविनगर और विजय नगर जोन में जमीन कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की गई। राजनगर में नगर निगम की 16000 वर्ग फुट जमीन पर तीन कमरे बनाकर और तीन टीन शेड डालकर अवैध रूप से कब्जा किया गया था। म्युनिसिपल कमिश्रर के आदेश पर कविनगर जोन के निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर योगेश कुमार ने प्रवर्तन दल टीम और कविनगर पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जामुक्त करा लिया। राजनगर सेक्टर-6 में रोड की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर यहां पर तीन पक्के कमरे, तीन टीन शेड डालने के अलावा रोड की तरफ से एक ऊंची दीवार खड़ी कर दी गई थी। जेसीबी मशीन चलाकर इन्हें ध्वस्त कराते हुए जमीन कब्जा मुक्त कराई गई। इस कार्रवाई के दौरान लोगों ने जमकर विरोध किया। लेकिन नगर निगम अधिकारियों की सख्ती के आगे उनकी एक ना चली। नगर निगम जल्द ही यहां पर सड़क का निर्माण कराएगा। वहीं, विजयनगर जोन में डूंडाहेड़ा के कई खसरा नंबरों की जमीन जो कि नगर निगम की जमीन है उस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया। इस जमीन पर फसल उगा रहे थे। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी आरएन पांडेय ने बताया कि डूंडाहेड़ा के जिन खसरा नंबरों पर कार्रवाई की गई है वह सभी नगर निगम की जमीन है। कब्जामुक्त कराई गई जमीन की कीमत करोड़ों रुपए है। प्रवर्तन दल की टीम और पुलिस की मौजूदगी में कई बीघा जमीन पर टै्रक्टर चलवाकर फसल को नष्ट करते हुए इसकी तार फेंंसिंग कराई। क्षेत्रीय पार्षद एवं अन्य लोगों ने जमीन पर कब्जा लेने का जमकर विरोध किया। लेकिन निगम ने सख्त रवैया अपनाया। म्युनिसिपल कमिश्रर ने सख्त हिदायत दी है कि किसी भी दशा में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फोटो न: 3
















