गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र में सिक्योरिटी एजेंसी के मालिक के साथ दो भाई समेत पांच हथियारबंद लोगों द्वारा मारपीट करने का मामला प्रकाश में आ है। आरोपी मारपीट कर लूटपाट की और मुंह में रिवाल्वर घुसेड़ कर जान से मारने की धमकी दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ पूरे मामले की छानबीन की। इस संबंध में पांचों हमलावरों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी में लगी है। थाना विजयनगर की आदर्श कॉलोनी बिहारीपुरा में रहने वाले प्रदीप कुमार तेवतिया इंडियाना तेवतिया सिक्योरिटी सर्विस के मालिक हैं। उन्होंने बताया कि शांति नगर में रहने वाली उनकी भाभी का पालतू कुत्ता चोरी हो गया था। जिसकी उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी। बताया कि जल निगम की टंकी नंबर चार पर उनकी एजेंसी से दो सिक्योरिटी गार्ड तैनात हैं। एक सिक्योरिटी गार्ड दो-तीन दिन से ड्यूटी पर लेट पहुंच रहा था। जिसके चलते वह वहां पर दूसरे गार्ड के साथ थे। आरोप है कि इसी दौरान शांति नगर में रहने वाले दो भाई गोपाल और गोविंदा अपने तीन साथियों दीपक, लला और हिमांशु के साथ हाथों में तमंचे और रिवाल्वर लेकर टंकी परिसर में घुस आए और प्रदीप कुमार तेवतिया से कहने लगे कि तेरी भाभी का पालतू कुत्ता हमने चोरी करके बेच दिया है। अगर पुलिस के पास दोबारा गए तो बुरा अंजाम होगा। आरोप है कि विरोध करने पर सभी ने प्रदीप कुमार तेवतिया पर लात घुसो के अलावा हथियारों के बट से हमला बोल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने प्रदीप कुमार तेवतिया की चेन और जेब में रखी 10 हजार रुपए की नगदी भी लूट ली और जाते समय मुंह में रिवाल्वर मुंह में डालकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में लूट और मारपीट की धारा समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
















