-दूधेश्वरनाथ मठ से शुरू हुई तैयारियों की अंतिम रूपरेखा, नगर आयुक्त ने महंत नारायण गिरी से लिया मार्गदर्शन
-2648 लाइटों से जगमगाएगा कांवड़ मार्ग, 1030 सफाई मित्र और 200 कर्मियों की टीम रखेगी स्वच्छता पर चौबीसों घंटे नजर
-20 जुलाई से 24 घंटे सक्रिय रहेगा नगर निगम, पेयजल, बैरिकेडिंग, मोबाइल शौचालय और टैंकरों की रहेगी विशेष व्यवस्था
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सावन माह में निकलने वाली विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा को भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने व्यापक तैयारियों का खाका तैयार कर लिया है। इस बार श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए हिंडन एलिवेटेड फ्लाईओवर पर भव्य एवं ऐतिहासिक ‘रामसेतु द्वार’ का निर्माण कराया जा रहा है, जो कांवड़ यात्रा की आस्था और सनातन संस्कृति का प्रतीक बनेगा। इसके साथ ही पूरे कांवड़ मार्ग को रोशनी, स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा की आधुनिक व्यवस्थाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि लाखों शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इन्हीं तैयारियों की समीक्षा के लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम अधिकारियों के साथ गुरुवार को प्राचीन दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर पहुंचकर महंत श्री नारायण गिरी जी महाराज से मुलाकात की। बैठक में कांवड़ महोत्सव से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा मंदिर परिसर एवं कांवड़ मार्ग पर आवश्यक सुविधाओं को लेकर सुझाव भी प्राप्त किए गए। महंत ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया, वहीं नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कांवड़ महोत्सव को सफल बनाएगा।
बैठक के बाद मंदिर परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें आम के पौधे लगाए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी उतना ही आवश्यक है। पौधारोपण के माध्यम से हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण बनाने का संदेश दिया गया। नगर निगम ने कांवड़ मार्ग पर व्यापक सफाई अभियान की कार्ययोजना तैयार की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 1030 सफाई मित्रों की विशेष टीम तैनात की जाएगी, जो पूरे कांवड़ मार्ग पर चौबीसों घंटे सफाई व्यवस्था संभालेगी। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक एवं मोबाइल शौचालयों की सफाई के लिए लगभग 200 कर्मचारियों को अलग से लगाया जाएगा। पुरुषों और महिलाओं के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट स्थापित किए जाएंगे, जबकि कांवड़ शिविरों के बाहर डस्टबिन रखवाकर कूड़ा प्रबंधन की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी नगर निगम ने इस बार विशेष तैयारी की है।
प्रकाश विभाग द्वारा कांवड़ मार्ग पर कुल 2648 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। दुहाई से दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर, मेरठ रोड से ज्ञानी बॉर्डर तथा मोहन नगर से एनएच-9 तक पूरे मार्ग को प्रकाशमय बनाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि रात्रि के समय लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था प्राथमिकता में रखी गई है। निर्माण विभाग की ओर से कांवड़ मार्ग पर सड़क मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। 20 जुलाई से आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा, जिससे कांवडिय़ों की आवाजाही सुचारु बनी रहे और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। जहां आवश्यकता होगी वहां अतिरिक्त सुरक्षा अवरोधक भी लगाए जाएंगे। जलकल विभाग ने भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर में पेयजल व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है। मंदिर के बाहर गंगाजल से भरे 12 टैंकर उपलब्ध रहेंगे, जबकि पूरे कांवड़ मार्ग पर 25 से 30 अतिरिक्त पानी के टैंकर तैनात किए जाएंगे। जरूरत पडऩे पर इनकी संख्या भी बढ़ाई जा सकती है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की जल समस्या का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि 20 जुलाई से नगर निगम के सभी विभाग रोस्टर के अनुसार 24 घंटे कार्य करेंगे। सफाई, प्रकाश, जलकल, निर्माण, उद्यान और स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमें निरंतर निगरानी रखेंगी। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह सुविधाजनक बनाना है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त और महंत नारायण गिरी ने मंदिर परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने सड़क मरम्मत, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल संबंधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। नगर निगम सीमा के अंतर्गत पूरे कांवड़ मार्ग पर नियमित पानी का छिड़काव, आवारा पशुओं को सड़कों से हटाने, स्वच्छता बनाए रखने तथा यातायात में किसी प्रकार की बाधा न आने के लिए भी विशेष कार्ययोजना लागू की जा रही है।
महंत श्री नारायण गिरी ने नगर निगम की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का पर्व है। प्रशासन और नगर निगम की बेहतर व्यवस्थाओं से इस बार भी शिवभक्तों को सुरक्षित एवं सुखद वातावरण मिलेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी कांवड़ महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न होगा। वहीं नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ सेवा भाव में जुटा रहेगा, ताकि गाजियाबाद आने वाला हर शिवभक्त यहां से सुखद अनुभव लेकर लौटे। इस दौरान चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार, जलकल जीएम केपी आनंद आदि मौजूद रहे।
















