गाजियाबाद। उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित सभी योजना का लाभ श्रमिकों को तभी प्राप्त होगा, जब पंजीकृत निर्माण श्रमिक अपने आधार कार्ड विवरण फीड कराकर अपना नवीनीकरण कराया होगा। उप-श्रमायुक्त राजेश मिश्रा ने सभी निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वह तत्काल अपने नजदीकी जनसुविधा केंद्र पर जाकर एवं दिए दूरभाष नंबर पर संपर्क कर आधार कार्ड का विवरण फीड कराकर अपना नवीनीकरण कराएं। उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हितार्थ विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। सभी योजनाओं में लाभ लेने के लिए श्रमिकों का आधार कार्ड विवरण तथा नवीनीकरण होना अनिवार्य है। यदि पंजीकृत निर्माण श्रमिक आधार अपडेट नहीं कराते हैं तो बोर्ड द्वारा संचालित किसी भी योजना का लाभ प्राप्त कर नहीं सकते हैं। कोविड-19 के दृष्टिगत 30 जून तक या जब तक शासन द्वारा तत्संबंध में अग्रेतर आदेश नही दिये जाते हैं, जो भी पहले हो, तब तक प्रत्येक पंजीकृत निर्माण श्रमिक अपना आधार कार्ड अपडेट कराते हुए नवीनीकरण नि:शुल्क करवा सकते है। अत: सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील है कि जिन पंजीकृत निर्माण श्रमिकों का आधार कार्ड अपडेट नहीं है, वह आज ही दिए गए दूरभाष नंबरों पर संपर्क कर अपना आधार कार्ड अपडेट कराकर अपना नवीनीकरण कराएं। किसी भी निर्माण श्रमिक को कार्यालय में आने की जरूरत नहीं है। नवीनीकरण हेतु निर्माण श्रमिकों को निम्न अभिलेख उपलब्ध कराने हैं। पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक की पासबुक, पंजीकृत श्रमिक की माता का नाम व मोबाइल नंबर।
















