पुलिस पर पथराव मामले में 6 महिला समेत 13 गिरफ्तार

-पथराव करने वालों पर एनएसए एक्ट की होगी कार्रवाई

गाजियाबाद। लोनी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला अहमद नगर अशोक विहार में बंधक महिलाओं को छुड़ाने गई पुलिस टीम पर पथराव करने और सीओ की गाड़ी के शीशे तोडऩे के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को 6 महिला समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने कहा कि पथराव करने वाले सभी आरोपी पर एनएसए एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। अशोक विहार कॉलोनी में रविवार दोपहर डेढ़ बजे बच्चा चोरी के आरोप में एक मकान में बंधक तीन महिलाओं को छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर महिलाओं और वहां के लोगों ने पथराव कर दिया। उपद्रवियों ने ईट-पत्थर बरसाते हुए सीओ लोनी अतुल सोनकर की गाड़ी के शीशे तोड़ डाले थे। पथराव में कई सिपाही भी घायल हो गए थे। एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा ने बताया कि उपद्रवियों को गिरफ्तार करने के लिए लोनी,ट्रॉनिका सिटी,लोनी बॉर्डर, टीला मोड़ थाना प्रभारी समेत टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। वहां पर मौजूद महिलाओं और पुरूषों ने पुलिस टीम पर हमला बोलते हुए पथराव किया था। इनके खिलाफ लोनी थाने में धारा-147,149,323 समेत संगीन धाराओं के अलावा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान अधिनियम व 3 महामारी अधिनियम,7 क्रिमिनल एक्ट,आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत महिला,पुरूष समेत 18 के खिलाफ नामजद और 200 लोगों के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया था। मौके पर वीडियो फुटेज से इनकी पहचान की गई। इसके आधार पर पुलिस की 4 टीमें लगाई गई थी। सोमवार को लोनी थाना प्रभारीनिरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने दारोगा अखिलेश उपाध्याय,ट्रॉनिका सिटी थाने की महिला दारोगा रचना,लोनी बॉर्डर थाने के दारोगा अरूण कुमार,महिला दारोगा पारूल टीम के साथ अहमद नगर अशोक विहार से इन्हें गिरफ्तार किया गया। बाकी को गिरफ्तार करने के लिए पहचान कर दो टीमों को लगाया गया हैं। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए उपद्रवियों में महिला अनवरी पत्नी नफीस,मोमीना पत्नी फारूख,सायरा पत्नी इमरान,फातिमा पत्नी आसिफ, परवीन पत्नी नसीम,सम्मो पत्नी उमर एवं युसुफ पुत्र असगर,सद्दाम पुत्र अनीस,रसीद पुत्र मजहर मोईन,उमरदीन पुत्र अली मोहम्मद,खालिद पुत्र मोहम्मद उमर निवासी जैन कॉलोनी अशोक विहार और सफीक पुत्र बारू, महफूज पुत्र असगर अली निवासी सरिता विहार अशोक विहार हैं। सूचना पर पहुंचे भारी पुलिसबल ने उपद्रवियों पर जमकर लाठियां भांजी। एक दर्जन से अधिक आरोपितों को हिरासत में लिया गया था। हालांकि हंगामे की आशंका को देखते हुए इलाके में पीएसी भी तैनात की गई थी। दरअसल,अशोक विहार कालोनी निवासी आरिफ के 9 माह के बेटे का 14 अप्रैल की दोपहर करीब एक बजे एक महिला ने अपहरण कर लिया था। रविवार दोपहर करीब एक बजे तीन महिलाएं अशोक विहार कालोनी में भीख मांगने पहुंची। लोगों ने उनपर बच्चा चोरी का आरोप लगाते हुए उन्हें एक मकान में बंधक बना लिया। उनके साथ मारपीट की। साथ ही उनसे बच्चा लाकर देने को कहा। कुछ स्थानीय लोगों ने महिलाओं को बंधक बनाए जाने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर महिलाओं को पुलिस के सुपुर्द करने को कहा। लोगों ने बच्चा न मिलने तक महिलाओं को न छोडऩे की बात कही और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढऩे की जानकारी मिलने पर लोनी पुलिस क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार सोनकर लोनी बॉर्डर और ट्रानिका सिटी थाने की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे थे। लोगों को समझाकर महिलाओं को बंधनमुक्त कराया। तीनों महिलाओं को लेकर पुलिस टीम चली ही थी कि लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी की गाड़ी का शीशा टूट गया। पथराव में सिपाही मूलचंद और प्रदीप चोटिल हो गए थे। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा ने बताया कि आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।