-नगर विकास मंत्री ने वर्चुअल मीटिंग में प्रदेश के मेयर एवं नगर आयुक्तो से की वार्ता
लखनऊ/गाजियाबाद। सूबे के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने सोमवार को वर्चुअल मीटिंग के जरिए उत्तर प्रदेश के सभी नगरायुक्त को कोरोना से लडऩे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी महापौर से कार्यों के संबंध में भी वार्ता की। नगर विकास मंत्री ने सभी जिलों के कंटेनमेंट जोन से लेकर हर वार्ड में सैनिटाइजेशन एवं फॉगिंग अभियान चलाने, अंत्येष्टि स्थल की व्यवस्था दुरुस्त करने, पेयजल संकट को दूर करने व वर्षा ऋतु से पहले नालों की साफ-सफाई के लिए दिशा- निर्देश दिए। नगर निगम के कर्मचारियों को सुरक्षा के साथ-साथ कोविड-19 से बचाव के लिए सुरक्षा किट उपलब्ध कराई जाए। कोविड-19 के विरूद्ध कार्य करने के लिए कर्मचारियों को मोटिवेट करने के लिए भी निर्देशित किया। 
निगरानी समितियों को सक्रिय करना
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने निर्देशित किया कि प्रदेश के हर जिले के प्रत्येक वार्ड में निगरानी समिति को सक्रिय किया जाए। निगरानी समिति में पार्षद उसके अध्यक्ष, सरकारी लोग, आशा आंगनबाड़ी व डिफेंस के लोग शामिल हैं। ये निगरानी समिति क्षेत्र में प्रदेश में जितने कंटेनमेंट जोन बने हैं और जितने लोग होम आइसोलेशन में हैं उनकी देखभाल करें। जो लोग कोविड-19 से बीमार हैं या जो 45 साल से ऊपर हैं, उनके कोविड टीकाकरण में मदद करें। संक्रमण को रोकने में मदद करें, लोगों को जागरुक करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी निगरानी समितियां होम आइसोलेशन के लोगों की देख-रेख करने के लिए सक्रिय हो जाएं।
रणनीति बनाकर करें सैनिटाइजेशन एवं फॉगिंग
नगर विकास मंत्री ने ने निर्देशित किया कि प्रदेश में वृहद स्तर पर सफाई व सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाए। हर वार्ड में रोस्टर बनाकर सैनिटाइजेशन किया जाए। कंटेनमेंट एरिया में सुबह-शाम सैनिटाइजेशन किया जाए। वहीं, बंदी के दौरान रविवार को वृहद सैनिटाइजेशन अभियान भी चलाया जाए। जिसमें बड़ी गाडिय़ां व फायर ब्रिगेड को सैनिटाइजेशन के लिए इस्तेमाल किया जाए। इसके अलावा प्रदेश के सभी नगरायुक्तों को अंत्येष्टि स्थलों पर समुचित व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि रणनीति बनाकर सैनिटाइजेशन करवाया जाए। रणनीति के तहत पहला कंटेनमेंट जोन में, दूसरा वॉर्डवार सैनिटाइजेशन और तीसरा वृहद सैनिटाइजेशन करवाया जाये, जिससे कोरोना संक्रमण को जल्द से जल्द खत्म किया जा सके।
फ्रंट लाइन वर्करों की सुरक्षा का ध्यान
नगर विकास मंत्री ने कहा कि नगर निगम के फ्रंट लाइन वर्कर्स सफाई कर्मचारियों को विशेष रूप से सुरक्षा का ध्यान रखा जाए। उन्हें प्रोटेक्ट किया जाए, उनके लिए पीपीई किट, सैनिटाइजर, मास्क, ग्लब्ज आदि की व्यवस्था की जाए। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाए। नगर विकास मंत्री ने कोविड-19 व वर्षा ऋतु को लेकर सफाई व्यवस्था के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल के संकट पर विशेष नजर रखी जाए। जहां पेयजल संकट है वहां रिबोर करा लिया जाए। जहां लीकेज है, वहां की व्यवस्था ठीक कराया जाए, जहां हैंडपंप लगाने की जरूरत है उसे देखा जाए। पानी की सफाई के लिए नियमित रूप से क्लोरीनेशन हो व वाटर टेस्टिंग भी की जाए।
वर्षा ऋतु से पहले नालों की सफाई
नगर विकास मंत्री ने कहा कि वर्षा ऋतु से पहले नालों की सफाई करा ली जाए ताकि जलभराव की स्थिति न बनें। उन्होंने वर्चुअल मीटिंग में सभी महापौर व नगरायुक्त से कहा कि नगर निगम की टीम जिला प्रशासन, पुलिस-प्रशासन व मेडिकल की टीम के साथ समन्वय बनाकर काम करे। पूरी शिद्दत के साथ काम किया जाए, जिससे कोरोना को खत्म किया जा सके। वर्चुअल बैठक में सचिव नगर विकास विभाग अनिल कुमार, अनुराग यादव तथा विशेष सचिव नगर विकास विभाग संजय यादव एवं इंद्रमणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
















