-नोडल अधिकारियों से काम-काज का पूछा हिसाब
गाजियाबाद। जनपद में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण की रोकथाम और बचाव के सिलसिले में तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ने नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। जनपद में कोरोना की दूसरी लहर के आने के बाद से हालात बेकाबू हो गए हैं। हर दिन एक हजार से अधिक संक्रमित मिल रहे हैं। वहीं कोरोना से मौतों का सिलसिला भी थमने का नाम नहीं ले रहा है।
मंगलवार को कैंप कार्यालय पर नगर आयुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर ने सोशल डिस्टेंसिग का पालन करते हुए नामित नोडल अधिकारियों के साथ कोरोना संक्रमण की रोकथाम और बचाव को लेकर बैठक की। बैठक में नगर आयुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर ने श्मशान घाटों की व्यवस्था, शहर में प्रत्येक जोन में चलाए जा रहे सैनिटाइजेशन अभियान, फागिंग, सोडियम हाइपोक्लोराइट की उपलब्धता की व्यवस्था, विद्युत शव गृह की व्यवस्था, सैनिटाइजेशन में प्रयोग में लाए जाने वाले वाहनों तथा मशीनों की व्यवस्था, कंटेनमेंट पर सैनिटाइजेशन व अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबधित अधिकारियों को प्रतिदिन कार्य की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए।
बैठक में उपस्थित अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार को श्मशान घाट की व्यवस्था, अपर नगर आयुक्त आरएन पांडे को पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम की व्यवस्था, अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव को सैनिटाइजेशन व फागिंग की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाएं जाने को लेकर एवं कार्य में आने वाली खामियों को लेकर चर्चा की। नगर आयुक्त ने कहा शहरवासियों के साथ मिलकर कोरोना से लड़ेंगे और हराएंगे।
सभी लोग दो गज की दूरी, मास्क एवं स्वच्छता का पालन कर कोरोना को हराने में सहयोग करें। कोविड-19 संक्रमण के बचाव के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों का भी विशेष ध्यान रखने के लिए नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश को निर्देश दिए। इस दौरान उधान प्रभारी डॉ अनुज कुमार सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण मोइनुद्दीन, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा को भी कोविड-19 के चलते क्षेत्र के काम बाधित ना हो उसके लिए आदेश दिए।















