आज मतदान में जिले से 1645 पुलिसकर्मी बुंलदशहर हुए रवाना

गाजियाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आखिरी चरण में आज 29 अपै्रल को जिला बुलंदशहर में होने वाले पंचायत चुनाव के मतदान के लिए जिले से 1645 पुलिसकर्मियों को वहां भेजा गया है। जिले में वर्तमान में पुलिस के सामने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की दोहरी चुनौती बनी हुई है। उन्हें चुनाव ड्यूटी के दौरान खुद को कोरोना से भी बचाना है और लोगों से शारीरिक दूरी का पालन भी कराना है। 26 अप्रैल को मेरठ में मतदान होने के बाद अब अंतिम चरण में आज गुरूवार 29 अप्रैल को बुलंदशहर जनपद में पंचायत चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। गाजियाबाद से 1645 पुलिसकर्मियों को मेरठ से बुलंदशहर के लिए रवाना किया गया। वहां का चुनाव संपन्न होने के बाद गाजियाबाद लौटेंगे। इसके बाद इन्हें तीन दिन के लिए होम आइसोलेट किया जाएगा और सभी की जांच कराई जाएगी। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि आज 29 अप्रैल को बुलंदशहर में पंचायत चुनाव के लिए मतदान होना है। बुलंदशहर के लिए यहां से 1645 जवानों को भेजा गया है। इनमें 12 इंस्पेक्टर,233 दारोगा और 1400 सिपाही एवं हेड कांस्टेबल शामिल हैं। इन सभी पुलिसकर्मियों को मास्क और सैनिटाइजर दिए गए हैं। एहतियात बरतने को कहा गया है।एसएसपी ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में भेजे गए पुलिसकर्मी चुनाव संपन्न कराकर लौटेंगे। बागपत में हुए मतदान की ड्यूटी करने के बाद 250 से अधिक पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित हो गए थे। जबकि सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तबीयत खराब हो गई थी। इनमें पुलिस के अधिकारी भी शामिल हैं। इसलिए कोरोना से बचाव के निर्देश दिए गए हैं।