वैक्सीनेशन के लिए सेंटर्स पर भटक रहे लोग

गाजियाबाद। एक ओर जहां प्रदेश में 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन लगवाने का पहला चरण चल रहा है। वहीं दूसरे चरण की तैयारी भी चल रही हैं। वर्तमान में जिले के कई सेंटर पर वैक्सीन न होने की वजह से वह बंद हो गए हैं। वैक्सीन लगवाने के लिए लोग इधर से उधर सेंटर्स पर भटक रहे हैं लेकिन उन्हें वैक्सीन तक नहीं लग पा रही है। लोगों का आरोप है कि तीन-तीन दिन तक चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें वैक्सीन नहीं मिल पा रही है। नंदग्राम स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर पिछले तीन दिन से कोरोना वैक्सीन उपलब्ध ही नहीं है। वार्ड-49 से पार्षद कृष्णा त्यागी और पूर्व पार्षद, रेलवे बोर्ड सदस्य वीरेंद्र त्यागी ने बताया कि वैक्सीन न होने की शिकायत स्वास्थ्य विभाग से लेकर वह प्रशासन के अधिकारियों तक से कर चुके हैं। लेकिन तीन दिन से केंद्र पर वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। लोग वैक्सीन लगवाने के लिए रोज केंद्र पर पहुंच रहे हैं लेकिन निराश ही लौट रहे हैं। यहां तक कि स्वास्थ्यकर्मी भी नहीं बता पा रहे हैं कि कब तक वैक्सीन उपलध होगी, कब तक नहीं होगी। पार्षद कृष्णा त्यागी ने आरोप लगाया कि एक ओर तो सरकार लोगों से वैक्सीन लगवाने के लिए अपील कर रही है तो वहीं दूसरी ओर सेंटर्स पर वैक्सीन उपलब्ध ही नहीं है। संक्रमण के दौर में लोग वैक्सीन लगवाने के लिए आ रहे हैं लेकिन उन्हें ऐसे ही वापस लौटना पड़ रहा है। बार-बार घर से निकलने पर उनमें संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है। यह स्थिति अकेले एक वैक्सीनेशन सेंटर की नहीं है। जिले के अधिकतर वैक्सीनेशन सेंटर का यही आलम है। वैक्सीन की शॉर्टेज के चलते 41 सेंटर बंद तक हो चुके हैं। जो चल रहे हैं, उन पर भी दो से तीन दिन में ही वैक्सीन उपलध हो पाती है। एसीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि रविवार तक जिले में वैसीन की खेप आ रही है जिसे सेंटर्स पर उपलब्ध करा दिया जाएगा। जैसे-जैसे वैक्सीन उपलध हो रही है, उसे सेंटर्स पर पहुंचाया जा रहा है।