गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनदयालपुरी कॉलोनी में महिला की तलाश में दबिश देने आई महाराष्ट्र पुलिस पर सोमवार की देर रात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में जहां कई पुलिसकर्मियों को गंभीर चोट आई। वहीं,पुलिस की स्कार्पियों गाड़ी पर लाठी-डंडे बरसाकर उसके शीशे तोड़ डाले। पुलिस ने इस मामले में आरोपी अंकित,उसके पिता,भाई समेत6 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लोग यही पर नहीं रुके उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ जमकर मारपीट भी की।उनके आईकार्ड,पर्स,मोबाइल भी लूट लिए। जानकारी मिलने नंदग्राम थाने की पुलिस ने हमले के सभी 6 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया कि नंदग्राम थाना क्षेत्र के दीनदयाल पुरी में एक महिला की तलाश में महाराष्ट्र पुलिस आई थी। पुलिस के पहुंचने पर सोमवार रात लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की।
महाराष्ट्र पुणे के थाना फरासखाना के थाना प्रभारी अभिजीत पाटिल ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन सभी आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया। इनके खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की जाएगी। नंदग्राम थाना प्रभारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र के पुणे में एक व्यक्ति की हत्या हो गई थी।इस हत्या में एक महिला का नाम प्रकाश में आया था। उसकी लोकेशन नंदग्राम की आ रही थी। सोमवार रात में पुणे के फरासखाना थाने के प्रभारी अभिजीत पाटिल अपने चार पुलिसकर्मियों मोकांशी,अमोल सरडे, मोहन दलवी, मयूर भोकले के साथ दीनदयाल पुरी में दबिश देने के लिए आए थे। इस दौरान महिला नहीं मिली लेकिन अंकित नामक युवक मिला। अंकित की महिला से फोन पर काफी बात होती थी। पुलिस अंकित के घर पहुंची और पूछताछ शुरू की। इस दौरान अंकित के परिजनों ने पड़ोसियों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आरोपितों ने लाठी, डंडों व सरियों से पुलिस की गाड़ी में बजाते हुए शीशे तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की। पुलिसकर्मियों को चोट भी आई। आरोपितों ने पुलिस के आईकार्ड समेत अन्य दस्तावेज छीन लिए। पुलिस ने सभी नामजद आरोपितों अंकित निवासी आश्रम रोड नंदग्राम,इसके पिता राजकुमार,भाई प्रमोद,पड़ोसी शंकर,विजय व शिब्बु उर्फ शिवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपितों के पास से लूटे दस्तावेज व मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने कहा अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
















