गाजियाबाद। कोरोना महामारी के चलते आए दिन लोगों की मौत होने के चलते प्रदेश सरकार द्वारा शराब की दुकानें खोलने की घोषणा करने के बाद व्यापारी इनके विरोध में कूद पड़े। व्यापारियों ने शराब की दुकानें खोले जाने का विरोध करते हुए बाजार खोलने की चेतावनी दी। उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष गोपीचंद,सिहानी गेट व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनुराग गर्ग आदि व्यापारियों ने कहा कि कोरोना संक्रमण की वजह से लोगों की जान जा रही है, लेकिन प्रदेश सरकार को अपने राजस्व की चिंता है। सरकार को लोगों की जान और व्यापारियों को हो रही मुश्किलों से कोई लेना देना नहीं है। सरकार के इस फैसले के विरोध में सिहानी गेट व्यापार मंडल ने मंगलवार को बाजार खोलने का ऐलान कर दिया। मंडल के अध्यक्ष अनुराग गर्ग ने कहा कि शराब के ठेकों को खोलने का फैसला अनुचित है। सरकार को लोगों की जान की परवाह नहीं है।लॉकडाउन लागू है,ऐसे में कारोबार पूरी तरह ठप हो गया वहीं दूसरी ओर अपना राजस्व बढ़ाने के लिए शराब की दुकानों को खोल दिया गया। बाजार खोलने का ऐलान किए जाने के चलते पुलिस को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, पुलिस ने अनुराग गर्ग को थाने में नजरबंद कर दिया। मंगलवार की सुबह 8 बजे पुलिस अनुराग गर्ग के निवास पर पहुंची और उन्हें वहां से उठाकर सिहानी गेट थाने में ले आई। सूचना मिलने पर मंडल के महानगर अध्यक्ष गोपीचंद समेत अन्य व्यापारी थाने में पहुंंचे। थाने में अनुराग गर्ग से डीएम व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से पत्र के माध्यम से कहने को कहा गया। उन्होंने डीएम और एडीएम सिटी को पत्र लिखकर शराब के ठेकों की तरह बाजारों को भी खोलने की इजाजत मांगी है। करीब डेढ़ घंटे तक थाने में बिठाए रखने के बाद अनुराग गर्ग को छोड़ा गया। उन्होंने प्रशासन से दो दिन के भीतर फैसला लेने की अपील की। अगर दो दिनों के भीतर इस संबंध में कोई फैसला नहीं लिया जाता है तो सिहानी गेट बाजार को गुरुवार 11 बजे के बाद से खोला जाएगा।
















