जिले में कोरोना कंट्रोल रूम भगवान भरोसे: अस्पतालों में संक्रमितों को नही मिल रहा बेड

-कोविड एंड कमांड कंट्रोल रूम से नही मिल रही लोगों को मदद
-स्वास्थ्य मंत्री ने शिकायतों के लिए जारी किया नंबर

गाजियाबाद। जनपद में कोरोना संक्रमण की वजह से जहां आए दिन संक्रमित मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। वहीं, विकास भवन सभागार में बनाए गए कोविड एंड कमांड कंट्रोल रूम भगवान भरोसे ही है। कंट्रोल रूम में मरीजों के परिजनों द्वारा फोन करने के बाद भी कोविड अस्पतालों में बेड उपलब्ध नहीं हो रहे है। फोन करने पर भी कंट्रोल रूम से लोगों को कोई सहायता नही मिल रही है। जिले के नोडल अधिकारी डॉ.सेंथिल पांडियन सी एवं प्रभारी जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश रोजाना व्यवस्था को सुधारने के लिए फीडबैक ले रहे है। लेकिन जिले के हालात अभी भी बदत्तर बने हुए है। जिले में ऑक्सीजन की मारामारी जहां कम हुई है। वहीं बेड को लेकर अभी भी मारामारी बरकरार है। बेड नहीं मिलने की वजह से उपचार के अभाव में लोग दम तोड़ रहे हैं। कंट्रोल रूम के अलावा कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए कोई विकल्प नहीं है। मगर यह कंट्रोल रूम सिर्फ दिखावा बनकर रह गया है। कंट्रोल रूम के प्रभारी एडीएम वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव यहां पर बैठते ही नहीं है, जबकि वह किसी का फोन तक नहीं उठाते है। ऐसे हालात में कंट्रोल रूम के जारी किए गए 6 नंबरों पर कॉल करने के बाद भी लोगों को कोई सहायता नहीं मिल पा रही हैं। यह कोविड कमांड कंट्रोल रूम के नंबर-0120- 2965798,2965799,2965757,2965758,2829040 और व्हाटसएस नंबर-8826797248 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मगर इन नंबरों पर कॉल करने के बाद भी लोगों की कोई मदद नहीं हो रही हैं। वहीं प्रभारी जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश का कहना है कि कंट्रोल रूम के सभी नंबर चालू है। कोविड अस्पतालों में बेड उपलब्ध कराने की बात है तो इसकी समीक्षा की जाएगी। अस्पतालों में अब बेड खाली हो रहे है। कंट्रोल रूप प्रभारी से इसकी जानकारी ली जाएगी।
शिकायतों के लिए स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने जारी किया नंबर
जिले में कोरोना संक्रमण की वजह से बदत्तर हो रहे हालात को लेकर खुद प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा राज्यमंत्री अतुल गर्ग भी प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं है। इसलिए बुधवार को राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने कोविड कमांड एंड कंट्रोल रूम में पहुंंचकर वहां पर एक मोबाइल नंबर-9910426374 जारी किया। राज्यमंत्री ने कहा कि इस नंबर पर कोई व्यक्ति अस्पताल प्रबंधकों द्वारा मनमाने बिल देने, शव ना देने की शिकायत, एंबुलेंस का अधिक पैसा मांगने और अंतिम संस्कार के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत मोबाइल नंबर एवं व्हाट्सएप पर मैसेज कर सकते हैं। इस पर आने वाली शिकायतों का तत्काल संज्ञान लिया जाएगा। बुधवार को राज्यमंत्री अतुल गर्ग कोविड कंट्रोल रूम में पहुंचे। उन्होंने कंट्रोल रूम प्रभारी एडीएम वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव, जीडीए ओएसडी संजय कुमार,सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता,एसीएमओ डा. विश्राम सिंह,मीडिया प्रभारी नीरज गोयल आदि की मौजूदगी में कोविड अस्पतालों में व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एसीएमओ विश्राम सिंह से कोरोना पॉजिटिव मरीजों से कंट्रोल रूम में संपर्क करने वालों की जानकारी और कार्रवाई के बारे में जाना। राज्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद कोरेाना संक्रमित मरीजों से अस्पतालों में मनमाने तरीके से पैसा वसूलने, ऑक्सीजन एवं जरूरी दवाओं की किल्लत की शिकायतों को लेकर व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया। इस नंबर को कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग किया जाएगा। अस्पतालों में इलाज के नाम पर मनमाने पैसा वसूलने,ऑक्सीजन व रेमडिसिवर इंजेक्शन की कालाबाजारी पर उन्होंने कहा कि ऐसी कई शिकायतें उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से सुनी है। लेकिन उन के पास एक भी लिखित शिकायत नहीं आई है। ताकि कार्रवाई की जा सके। राज्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि अपनी शिकायतों को लिखित में दें। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। आपदा में काला बाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि वह खुद कोविड कंट्रोल रूम की मॉनिटरिंग करेंगे। रोजाना मरीजों की स्थिति को जानेंगे। अगर कोई कमी मिली तो उसे दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।