गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के चलते नगर निगम के कई कर्मचारियों के चपेट में आने से अब कर्मचारियों की संख्या कार्यालयों में निर्धारित कर दी गई है। प्रदेश शासन के आदेश के बाद अब नगर निगम मुख्यालय से लेकर जोनल कार्यालयों में सिर्फ 33 फीसद ही कर्मचारी कार्यालय में आएंगे। निगम कार्यालयों में नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने यह व्यवस्था लागू कर दी हैं। फिलहाल 50 फीसद तक कर्मचारी कार्यालय में पहुंच रहे थे। लेकिन अब सभी कार्यालयों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों को ड्यूटी पर बुलाया जा रहा है। शत-प्रतिशत सभी कर्मचारियों को एक साथ बुलाने के बजाए अब 33 फीसद ही कर्मचारियों को कार्यालयों में बुलाया जा रहा है। ऐसे लिपिकीय कार्य जो घर से हो सकते हैं, उन्हें वर्क फ्रॉम होम के माध्यम से कराया जा रहा है। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह का कहना है कि शासन के आदेशों का पालन कराने के लिए नगर निगम के सभी कर्मचारियों को एक साथ कार्यालय में नहीं बुलाया जा रहा है। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराया जा रहा हैं। कोरोना से बचाव जरूरी है।















